Raebareli: अवैध खनन पर रायबरेली में बड़ा एक्शन, जांच टीम की लोकेशन देने वाले वाहन पर FIR की तैयारी

Raebareli News: रायबरेली में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, जांच टीम की लोकेशन देने के आरोप में वाहन चालक फरार; खनन विभाग ने एफआईआर की तहरीर दी।

Update:2026-08-20 14:28 IST

Rae Bareli Illegal Mining

Raebareli News:  जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन और उपखनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खान अधिकारी सुरेश कुमार लकड़ा की अगुवाई में की गई कार्रवाई के दौरान जांच टीम की लोकेशन ओवरलोड वाहनों तक पहुंचाने वाले एक कथित "लोकेटर" वाहन का पीछा कर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

खनन विभाग के अनुसार निदेशालय, भूतत्व एवं खनिकर्म, लखनऊ की टीम के साथ बछरावां-लालगंज मार्ग पर प्रतिदिन मोरम, गिट्टी, डस्ट और बालू के अवैध परिवहन एवं ओवरलोड वाहनों की जांच की जाती है। इसी दौरान वाहन संख्या UP32QV5254 लगातार जांच टीम का पीछा करता पाया गया। आरोप है कि इस वाहन के जरिए अवैध परिवहन करने वाले वाहन स्वामियों को जांच टीम की लोकेशन दी जाती थी, जिससे वे कार्रवाई से बच सकें।

19 अगस्त 2026 को ग्राम पश्चिम गांव बाईपास, लखनऊ रोड (नहर के पास) के समीप टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद वाहन को थाना बछरावां पुलिस की सुपुर्दगी में खड़ा कराया गया।खनन विभाग की ओर से थाना बछरावां में दी गई तहरीर में बताया गया है कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि अनिल निवासी लालगंज कथित रूप से लोकेशन देने का कार्य करता है। विभाग का आरोप है कि इस तरह अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के संचालन में मिलीभगत कर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।

खान अधिकारी ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मामले की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।

Tags:    

Similar News