Raebareli: राही ब्लॉक विकास प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, विधायक अदिति सिंह ने किया उद्घाटन और निरीक्षण
Raebareli News: रायबरेली के राही ब्लॉक परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन सदर विधायक अदिति सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया।
Raebareli News
Raebareli News: राही ब्लॉक परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक अदिति सिंह रहीं, जिन्होंने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद विधायक अदिति सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने विकास और जनसेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे गरीब, किसान, महिलाएं और युवा सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुफ्त राशन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, ताकि पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों पर योजनाओं और विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और किसानों ने स्टालों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी हासिल की।
विधायक अदिति सिंह ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता ही योजनाओं का लाभ पाने की पहली सीढ़ी है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने भी प्रदर्शनी स्थल पहुंचकर विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।