Raebareli रायबरेली में 305 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दिया आशीर्वाद
Raebareli News: रायबरेली के खीरों स्थित बसिगवां में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 305 जोड़ों का विवाह, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दिया आशीर्वाद
Raebareli News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को बछरावां विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड खीरों स्थित बसिगवां खेल मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 305 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में अलग-अलग विकासखंडों एवं नगर पंचायतों के कुल 305 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें विकासखंड शिवगढ़ के 90, महराजगंज के 75, बछरावां के 110, नगर पंचायत शिवगढ़ के 18, नगर पंचायत बछरावां के 10 तथा नगर पंचायत महराजगंज के दो जोड़े शामिल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना से बेटियों की शादी अब परिवारों के लिए आर्थिक बोझ नहीं, बल्कि सम्मान और खुशियों का अवसर बन रही है। बछरावां विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों बेटियों को नए जीवन की शुरुआत करते देखना गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके जीवन में प्रेम, विश्वास, सुख और समृद्धि बनी रहे।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को शासन की ओर से एक लाख रुपये की सहायता निर्धारित है। इसके साथ ही गृहस्थी की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत में सहयोग दिया जा रहा है। सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबके सम्मान की भावना के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने बताया कि समारोह में कुल 305 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित विवाह अनुदान एवं गृहस्थी की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरवी सिंह, क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।