Raebareli News: ऊंचाहार में सियासी घमासान: "सत्ता के लिए विधायक ने किया जनता के भरोसे का सौदा"

Raebareli News: ऊंचाहार में सियासी घमासान तेज हो गया है, जहां उत्कर्ष मौर्य ने विधायक पर जनता के भरोसे से गद्दारी और सत्ता के लिए अवसरवाद का आरोप लगाया है, जिससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।

Update:2026-05-15 18:19 IST

Raebareli News

Raebareli News: रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट पर राजनीतिक पारा एक बार फिर चढ़ गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के पुत्र उत्कर्ष मौर्य ने स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर अवसरवाद और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए जनता से गद्दारी करने का आरोप लगाया है।

​राम और सनातन के नाम पर सत्ता का खेल

​उत्कर्ष मौर्य ने विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि राम और सनातन धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग असल में अपनी कुर्सी बचाने का खेल खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, "विधायक जी जिस पार्टी को कभी 'मां' कहते थे, राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने उसी पार्टी के विश्वास को सत्ता की दहलीज पर बेच दिया।"

​"अंतरात्मा नहीं, संपत्ति बचाने की कवायद"

​विधायक द्वारा अक्सर दिए जाने वाले 'अंतरात्मा की आवाज' वाले तर्क पर पलटवार करते हुए उत्कर्ष ने कहा कि अगर सच में उनकी अंतरात्मा जाग गई थी, तो उन्हें नैतिकता के आधार पर पहले इस्तीफा देना चाहिए था। उन्हें फिर से जनता की अदालत में जाकर चुनाव लड़ना चाहिए था और फिर भाजपा का दामन थामना चाहिए था।​उत्कर्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा:​"सच्चाई यह है कि जैसे ही आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार की जांच का खतरा मंडराया, विधायक जी ने सत्ता की शरण लेना बेहतर समझा। करोड़ों की बेनामी संपत्ति, लग्जरी गाड़ियां और आलीशान फ्लैट्स बचाने के लिए उन्होंने ऊंचाहार की भोली-भाली जनता के भरोसे का सौदा कर दिया।"

​ऊंचाहार की जनता अब सच पहचान चुकी है

​उत्कर्ष मौर्य ने दावा किया कि ऊंचाहार की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह विकास के नाम पर किए गए इस धोखे को समझ रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता देख रही है कि कैसे जनमत का अपमान कर व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता दी गई।यह बयान ऊंचाहार के आगामी राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जहां एक ओर विधायक अपनी नई निष्ठा को धर्म और राष्ट्रनीति से जोड़ रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और पद का लालच बताकर जनता के बीच ले जा रहा है।

Tags:    

Similar News