Saharanpur News: मोहर्रम पर फूड प्वाइजनिंग से बिगड़ी 150 लोगों की तबीयत, एक की मौत

Saharanpur News: मोहर्रम कार्यक्रम के दौरान शिया समुदाय की मजलिस में खाने-पीने की चीजों के सेवन के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। मजलिस में शामिल हुए 100 से 150 लोगों को खाना खाने के बाद उल्टी दस्त और पेट में दर्द की शिकायत होने लगी।

Update:2025-07-06 17:09 IST

Saharanpur News

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के नानौता कस्बे में मोहर्रम के कार्यक्रम के दौरान बड़ी घटना हो गयी। यहां मोहर्रम कार्यक्रम के दौरान शिया समुदाय की मजलिस में खाने-पीने की चीजों के सेवन के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। मजलिस में शामिल हुए 100 से 150 लोगों को खाना खाने के बाद उल्टी दस्त और पेट में दर्द की शिकायत होने लगी। जिसके बाद वहां कोहराम मच गया। आनन-फानन में लोगों को अस्पताल ले जाया गया। जहां 55 साल के शबी हैदर की मौत हो गयी।

जानकारी के अनुसार मोहर्रम पर इमामबाड़ों और घरों में मजलिस के दौरान कोल्ड ड्रिंक, शरबत, दूध और बिरयानी बांटी जा रही थी। जिसके सेवन के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गयी। कई लोगों को पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर पहले तो स्थानीय प्राइवेट डॉक्टरों के पास उपचार के लिए ले जाया गया। लेकिन जब मरीजों की हालत बिगड़ने लगी तब सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने कई मरीजों को सहारनपुर और चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

मोहल्ला शेखजादगान में रहने वाली 55 साल के शबी हैदर को गंभीर हालत में चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं जिला अस्पताल में 8-10 मरीजों को भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार के मुताबिक 70 लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग के चलते लोगों की तबीयत बिगड़ी है। हालांकि असली वजह की जांच की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ओआरएस के पैकेट बांट रही हैं और जांच कर रही हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने और साफ-सुथरे भोजन के सेवन की सलाह दी गई है। वहीं इस घटना के बाद नानौता क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।

Tags:    

Similar News