Saharanpur News: मोहर्रम को लेकर कमिश्नर-डीआईजी का फ्लैग मार्च, ड्रोन कैमरों से की निगरानी

Saharanpur News: मोहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कमिश्नर और डीआईजी ने फ्लैग मार्च किया। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की।

By :  Neena Jain
Update:2026-06-24 22:56 IST

Saharanpur News(Photo-Social Media)

Saharanpur News: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आज मंडलायुक्त रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, सिटी मजिस्ट्रेट तथा अन्य अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च जामा मस्जिद से निर्धारित मार्गों पर किया गया। इस दौरान मोहर्रम जुलूस के रास्तों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

मंडलायुक्त रूपेश कुमार ने बताया कि मोहर्रम के जुलूस परंपरागत रूप से और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने सभी समुदायों से शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार के नए प्रदर्शन या परंपरा से हटकर गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल एवं एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। ताजिया और आलम की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए हैं। जुलूस मार्गों पर बिजली के तारों, यातायात व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूसों में हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं।

Tags:    

Similar News