Saharanpur News: दहेज की मांग पूरी न होने पर नहीं पहुंची बारात, मंडप में बैठी रही दुल्हन

Saharanpur News: सहारनपुर में दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर बारात नहीं पहुंची, जिससे मंडप में बैठी दुल्हन घंटों इंतजार करती रही। बाद में शादी टूट गई और पीड़ित परिवार ने दहेज प्रतिषेध कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है।

By :  Neena Jain
Update:2026-06-27 22:28 IST

Saharanpur News

Saharanpur News:  62 फुटा रोड स्थित ताज पैलेस में शनिवार को होने वाली एक शादी उस समय मातम में बदल गई, जब कांधला से आने वाली बारात दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर नहीं पहुंची। शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं, दुल्हन सुबह से दुल्हन के जोड़े में मंडप में बैठकर बारात का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा और उसके परिजन नहीं पहुंचे। देखते ही देखते खुशियों का माहौल मायूसी में बदल गया। रिश्तेदार और मेहमान भी निराश होकर लौट गए, जबकि शादी के लिए तैयार कराया गया भोजन भी व्यर्थ चला गया।

थाना मंडी, पुराना कलसिया रोड स्थित हसन कॉलोनी निवासी पीड़ित दीन मोहम्मद पुत्र इब्ने हसन ने तहरीर में बताया कि उनकी बेटी नगमा का निकाह 27 जून को कांधला निवासी समीर पुत्र शमशाद के साथ तय था। बारात दोपहर करीब 11 बजे ताज पैलेस पहुंचनी थी, लेकिन निर्धारित समय तक बारात नहीं पहुंची।तहरीर के अनुसार, शादी से पहले 23 जून को लड़के पक्ष के लोग तय दहेज का घरेलू सामान अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि निकाह से ठीक पहले दूल्हा समीर, उसके भाई शाहरुख, शाहरून और गुलफाम, माता शायरा, ताया इनाम, चाचा निसार समेत अन्य परिजनों ने अचानक दहेज में बुलेट बाइक की मांग कर दी। पीड़ित का कहना है कि फोन पर साफ कह दिया गया कि यदि बुलेट बाइक नहीं दे सकते तो दो लाख रुपये नकद दे दो, अन्यथा बारात लेकर नहीं आएंगे।

दीन मोहम्मद ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह एक गरीब मजदूर हैं और इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थ हैं। उन्होंने बताया कि शादी के सभी इंतजाम पहले ही कर दिए गए थे, लेकिन दहेज की अतिरिक्त मांग के कारण उनकी बेटी का निकाह नहीं हो सका। आरोप है कि विरोध करने पर लड़के पक्ष ने धमकी भी दी कि जो करना है कर लो।बारात न पहुंचने से दुल्हन और उसके परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा। शादी में शामिल होने आए रिश्तेदार और मेहमान घंटों तक बारात का इंतजार करते रहे, लेकिन अंततः उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। परिवार का कहना है कि इससे उन्हें सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हुआ है।पीड़ित परिवार ने थाना मंडी पुलिस से आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Tags:    

Similar News