Shamli News: भैया दूज पर बहन के घर गए इकलौते भाई की पीट-पीटकर हत्या

Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली में भैया दूज के दिन बहन के ससुराल पहुंचे बीटेक छात्र की पीट-पीटकर हत्या। पुलिस जांच में जुटी।

Update:2026-11-11 23:16 IST

Shamli News

Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में भैया दूज के पावन पर्व पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत में बहन से मिलने उसके ससुराल पहुंचे एक युवक की ससुराल पक्ष के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुजफ्फरनगर के रहने वाले अंकुश पाल (बीटेक पास और नौकरी की तैयारी कर रहे) भैया दूज के मौके पर दोपहर करीब 12 बजे अपनी बहन के ससुराल पहुंचे थे। किसी बात को लेकर बहन के ससुराल पक्ष के लोगों से उनका विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि पति, ससुर, देवर और अन्य लोगों ने मिलकर अंकुश के साथ अमानवीय मारपीट की।अंकुश अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। इस सनसनीखेज घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। त्योहार के दिन इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Tags:    

Similar News