Shamli: थानाभवन सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल, बिना डॉक्टर के महिला ने दिया बच्चे को जन्म
Shamli News: डेढ़ घंटे तक तड़पती रही गर्भवती महिला; डॉक्टर व स्टाफ के गायब रहने और परिजनों से अभद्रता का आरोप, सीएचसी इंचार्ज ने दिए जांच के आदेश।
Shamli Thanabhawan CHC Negligence News
Shamli News: थानाभवन सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दावों के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हुए हैं। परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल में चिकित्सकीय सहायता के लिए तड़पती रही, लेकिन मौके पर न तो महिला चिकित्सक मौजूद थीं और न ही स्टाफ नर्स। आखिरकार महिला ने बिना चिकित्सकीय सहायता के ही बच्चे को जन्म दे दिया।
थानाभवन ब्लॉक के गांव नागल निवासी दीपक ने बताया कि शाम करीब छह बजे वह अपनी पत्नी वर्षा को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में कोई जिम्मेदार महिला चिकित्साकर्मी मौजूद नहीं था। करीब डेढ़ घंटे बाद वर्षा ने बच्चे को जन्म दे दिया। दीपक के मुताबिक, बच्चे के जन्म के बाद महिला चिकित्सक अस्पताल पहुंचीं। जब उन्होंने चिकित्सक से स्टाफ की अनुपस्थिति को लेकर सवाल किया तो कथित तौर पर उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय धमकाया गया और अभद्र व्यवहार किया गया।
महिला के जेठ ने बताया कि वर्षा को दिन में भी अस्पताल लाया गया था, लेकिन उस समय चिकित्सक ने प्रसव में समय होने की बात कहकर उन्हें घर भेज दिया था। शाम को दर्द बढ़ने पर परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद अस्पताल की ड्यूटी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्रसव जैसी संवेदनशील स्थिति में महिला चिकित्सक और स्टाफ नर्स की अनुपस्थिति क्यों रही और समय पर महिला को उपचार क्यों नहीं मिला, यह जांच का विषय है। इस संबंध में थाना भवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इंचार्ज डॉक्टर सुशील कुमार से बातचीत हुई उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।