Shamli News: कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मीट की दुकानों के संचालकों को नोटिस जारी
Shamli News: शामली में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट, मछली, अंडा और नॉनवेज होटल संचालकों को नोटिस जारी कर 30 जुलाई से 12 अगस्त तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Shamli News
Shamli News: जनपद शामली में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद शामली ने कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट, मछली, अंडा और नॉनवेज होटल संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन भी यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए लगातार बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहा है।
नगर पालिका परिषद शामली के कर्मचारियों ने शहर के फव्वारा चौक, आजाद चौक, एमएसके रोड से लेकर पूर्वी यमुना नहर तक कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले होटल, मीट, मछली और अंडा विक्रेताओं को नोटिस जारी किए। नोटिस के अनुसार, आगामी 30 जुलाई से 12 अगस्त तक कांवड़ यात्रा के दौरान सभी संबंधित दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इस अवधि में कोई दुकान संचालित होती पाई गई तो उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की होगी।
इसके अलावा, कांवड़ मार्ग पर स्थित शराब की दुकानों को भी निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें पर्दे से पूरी तरह ढककर रखा जाए।उधर, कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर कांधला थाना परिसर में सीओ कैराना हेमंत कुमार की अध्यक्षता में डीजे संचालकों, डाक कांवड़ लेकर जाने वाले शिवभक्तों और कांवड़ सेवा शिविर संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित मानक से अधिक ऊंचाई वाले डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे और कांवड़ यात्रा के दौरान केवल धार्मिक एवं भक्ति संगीत ही बजाया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात, सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।अधिकारियों ने चेतावनी दी कि शासन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।