Shamli News: एक साल पुराने विवाद का बदला? शामली में महिला पर एसिड अटैक, पुलिस जांच में जुटी

Shamli News: शामली के खेड़ी करमु गांव में महिला पर तेजाब हमला, पड़ोसी युवक पर आरोप, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर, पुलिस ने शुरू की जांच।

Update:2026-07-30 00:21 IST

Shamli Acid Attack News

Shamli News: जनपद शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ी करमु में एक महिला पर तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर के बाहर कुत्ते को रोटी डालने गई महिला पर पड़ोस के युवक ने कथित रूप से तेजाब से हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव खेड़ी करमु निवासी सोमपाल डेयरी का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि देर शाम उनकी पत्नी मुस्कान घर के बाहर कुत्ते को रोटी डालने गई थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला राहुल पुत्र संजीव कुमार वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राहुल ने मुस्कान पर तेजाब फेंक दिया।


तेजाब के हमले से मुस्कान बुरी तरह झुलस गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल महिला को शामली के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।परिजनों का आरोप है कि आरोपी राहुल के खिलाफ करीब एक वर्ष पहले भी छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया था। उनका कहना है कि आरोपी लगातार मामले में समझौता करने का दबाव बना रहा था, लेकिन पीड़िता द्वारा समझौता करने से इनकार करने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल घायल महिला का उपचार हायर सेंटर में जारी है।

Tags:    

Similar News