Shamli News: अमृत भारत स्टेशन योजना से बदला शामली रेलवे स्टेशन का स्वरूप, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Shamli News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शामली रेलवे स्टेशन का करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण किया।

Update:2026-07-17 20:20 IST

Shamli News

Shamli News: शामली के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित शामली रेलवे स्टेशन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शामली रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन को आधुनिक और भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है, जो अब क्षेत्रवासियों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। नए स्वरूप के साथ अब यात्रियों को स्टेशन पर बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।शामली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत यात्रियों के बैठने के लिए टीन शेड, कुर्सियां, ऊपरी पैदल पुल, आधुनिक शौचालय, कुलीन विश्राम गृह सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर में हरियाली का भी विशेष ध्यान रखा गया है। स्टेशन के बाहरी और आंतरिक परिसर में पौधे लगाए गए हैं तथा गमलों में सजाए गए पौधे स्टेशन की सुंदरता को और बढ़ा रहे हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शामली रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सकेगा।इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बनने के लिए शामली रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल, कपिल पंवार और अंकित गोयल सहित जिले के कई गणमान्य नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। शामली की जनता और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि यह नई सौगात न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, बल्कि आने वाले वर्षों में शामली को रेल अवसंरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगी।

Tags:    

Similar News