Shravasti News: जनता दर्शन में डीएम और एसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
Shravasti News: श्रावस्ती में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने आमजन की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में डीएम और एसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश (Photo- Newstrack)
Shravasti News: आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनता दर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सुनीं 09 शिकायतें, मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश
कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के समक्ष भूमि कब्जा, राशन और पारिवारिक विवाद सहित कुल 09 शिकायतें प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए किया जाए। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी सुनीं जन समस्याएं
उधर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने भी लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान जमीनी विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, महिला संबंधी मामलों सहित अन्य प्रकार के प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
त्वरित न्याय और सीधा संवाद है जनता दर्शन का उद्देश्य
प्रशासन के अनुसार जनता दर्शन का मुख्य उद्देश्य आमजन और पुलिस-प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और त्वरित न्याय की भावना को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।