Shravasti News: बकरीद को लेकर श्रावस्ती में शांति समिति की बैठक, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश

Shravasti News: श्रावस्ती में बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई।

Update:2026-05-25 21:38 IST

Shravasti News

Shravasti News: आगामी त्योहार ईदुज्जुहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ उपस्थित सभी संभ्रांत नागरिकों ने आशा व्यक्त की कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी जनपद में ईदुज्जुहा (बकरीद) का त्योहार भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से मिल-जुलकर त्योहार मनाएं। त्योहार के दौरान कोई भी नई परंपरा शुरू न की जाए, जिससे अमन-चैन को खतरा उत्पन्न हो या किसी की भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि अमन-चैन से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा बकरीद के अवसर पर विद्युत, पेयजल एवं साफ-सफाई आदि की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। जिले में बिना अनुमति कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाएगा तथा प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी नहीं दी जाएगी। सामूहिक एवं खुले स्थानों पर कुर्बानी पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी। धार्मिक यात्राओं एवं जुलूसों में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन भी प्रतिबंधित रहेगा।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति शांति समिति की बैठक में तय बिंदुओं की अनदेखी कर ऐसा कोई कार्य करता है जिससे अमन-चैन में बाधा उत्पन्न होने की संभावना हो, तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आगामी त्योहार को देखते हुए नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी तक शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वहां संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार एवं थानाध्यक्ष आपसी समन्वय से बैठक आयोजित कर लें। यदि बैठक के दौरान कोई समस्या या शिकायत सामने आती है तो उसका सूचीबद्ध कर समय से निराकरण कराया जाए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि सभी लोग बकरीद का त्योहार एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर मनाएं। उन्होंने संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि त्योहार के अवसर पर संयमित आचरण करें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। यदि कोई व्यक्ति अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, जमुनहा एस.के. राय, इकौना पीयूष जायसवाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भिनगा एवं नगर पंचायत इकौना, पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, अधिकारी, कर्मचारी, थाना प्रभारीगण, दोनों समुदायों के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी वर्ग एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News