Shravasti News:मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी
Shravasti News: श्रावस्ती पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।
Shravasti News
Shravasti News: एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर जनपद श्रावस्ती में मिशन शक्ति फेज-5 के दूसरे चरण के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए शनिवार को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। एएसपी चंद्रकेश सिंह एवं सभी सीओ के पर्यवेक्षण में यह अभियान लगातार जारी है।एसपी राहुल भाटी ने बताया कि शक्ति मोबाइल टीम और सभी थानों की मिशन शक्ति टीम ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए।
चौपाल, संवाद और जनसंपर्क के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्हें “शक्ति दीदी” के रूप में निडर होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई। ओटीपी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड रखने और साइबर आपात स्थिति में हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत सूचना देने के बारे में बताया गया।
साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप और CCTNS प्रणाली से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।उन्होंने बताया कि जनपद के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क की जानकारी देते हुए जागरूकता सामग्री वितरित की गई, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को तुरंत सहायता मिल सके।