Siddharthnagar: भारत-नेपाल सीमा पर चेकिंग में 21 जोड़ी पायल बरामद, कस्टम विभाग को सौंपा गया मामला
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 21 जोड़ी पायल बरामद कीं। आरोपी और बरामद सामान को कस्टम विभाग के सुपुर्द किया गया।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को थाना मोहाना पुलिस और एसएसबी ककरहवा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 जोड़ी सफेद धातु की पायल और एक साइकिल के साथ एक भारतीय व्यक्ति को पकड़ा। बरामद पायल का कुल वजन 651 ग्राम बताया गया है। मामले में कस्टम अधिनियम की धारा-11 के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद सामान और आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराध एवं तस्करी रोकथाम अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में थाना मोहाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।चेकिंग के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सीमा स्तंभ संख्या 543/01 के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 21 जोड़ी सफेद धातु की पायल, जिनका कुल वजन 651 ग्राम था, तथा एक साइकिल बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान परशुराम गुप्ता (59 वर्ष) पुत्र तीरथ गुप्ता, निवासी ग्राम सलहन्तपुर, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई।
पुलिस ने बरामद सामान को कस्टम अधिनियम के तहत जब्त कर आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में प्रभारी चौकी ककरहवा उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल आत्मानंद यादव, कांस्टेबल अनुराग तिवारी तथा एसएसबी ककरहवा के उपनिरीक्षक हमीर सिंह, सहायक जवान अनुपति राजी रेडी और अनंताराज ए. शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त निगरानी एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।