Siddharthnagar: भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी की संयुक्त गश्त, संदिग्धों और वाहनों की हुई सघन जांच
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त गश्त अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा तस्करी व अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को थाना लोटन पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान सीमा से होकर आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गहन जांच की गई। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया गया और उन्हें सतर्क रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
यह संयुक्त अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में हरिवंशपुर चौकी पुलिस और एसएसबी की टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पिलर संख्या-540 के आसपास विशेष निगरानी रखी।पेट्रोलिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी। सीमा से गुजरने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी या संदिग्ध आवागमन को समय रहते रोका जा सके। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनसे सुरक्षा संबंधी जानकारी भी प्राप्त की और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर नियमित रूप से पुलिस और एसएसबी द्वारा संयुक्त गश्त की जा रही है। इसका उद्देश्य सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना है। संयुक्त पेट्रोलिंग से सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है तथा स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा है।