Siddharthnagar News: नहर से मिला बलरामपुर की किशोरी का शव, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में नहर से बलरामपुर की किशोरी का शव बरामद, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरा बनगवा नहर फाटक पर गुरुवार को लगभग 15 वर्षीय एक किशोरी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर भवानीगंज पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
पुलिस द्वारा कराई गई शिनाख्त में मृतका की पहचान सोनी पुत्री कैलाश चंद्र, निवासी तितिहवा दुभर, थाना गैड़ास बुजुर्ग, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 15 वर्ष बताई गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी बीते बुधवार सुबह लगभग 9 बजे पंडित डिहवा नहर पुल के पास किसी कारणवश नहर में गिर गई थी। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। काफी खोजबीन के बाद गुरुवार को उसका शव भवानीगंज क्षेत्र के चौरा बनगवा नहर फाटक पर बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। वहीं, मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने किसी भी प्रकार की आपत्ति न जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने की औपचारिकता पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है।