Siddharthnagar News: कांग्रेस ने उठाई छात्रों की समस्याएं, पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने प्रेस वार्ता कर पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रिया में देरी जैसे मुद्दे उठाए।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए देश के छात्रों और युवाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी।उन्होंने कहा कि देश का युवा आज अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रहा है। लगातार हो रहे पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं का निरस्त होना, सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया में अत्यधिक विलंब, बढ़ती बेरोज़गारी तथा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की खामियां युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रही हैं। लाखों छात्र वर्षों की मेहनत और अपने परिवारों की उम्मीदों के साथ परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाएं उनके सपनों को तोड़ने का काम कर रही हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि हाल ही में कोटा में आयोजित " छात्रों की गूंज " रैली के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के छात्रों और युवाओं की वास्तविक समस्याओं को मजबूती के साथ उठाया है। राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश है कि देश के युवाओं को न्याय, अवसर और सम्मान मिलना चाहिए तथा उनकी आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के संघर्ष की साझेदार है और उनकी समस्याओं को गांव-गांव, कस्बों और शहरों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। स्थानीय भाषा में संवाद स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को इन मुद्दों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि युवाओं की आवाज़ और अधिक बुलंद हो सके।
क़ाज़ी सुहेल अहमद ने सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, सभी रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती की जाए तथा युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार का अधिकार केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि देश के युवाओं का हक़ है।अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और उनकी आवाज़ को हर मंच पर मजबूती से उठाती रहेगी।प्रेस वार्ता के दौरान डॉ नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, अकील अहमद मुन्नू, सादिक अहमद, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, अश्विनी सिंह सोलंकी, डॉ प्रमोद कुमार, कपिल देव यादव, इश्तियाक चौधरी, गालिब बिसेन, रियाज़ मनिहार, सुदामा प्रसाद, सौरभ पंछी आदि उपस्थित उपस्थित थे।