Siddharthnagar News: आइसक्रीम विक्रेता को बाइक ने पीछे से मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत, चालक फरार

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में आइसक्रीम विक्रेता को तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विक्रेता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक फरार है।

Update:2026-06-26 14:58 IST

Siddharthnagar News(Photo-Social Media)

Siddharthnagar News: यूपी के सिद्धार्थनगर में स्थित डुमरियागंज थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आइसक्रीम बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मोटरसाइकिल ने मारी जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार डुमरियागंज थाना क्षेत्र के माली मैंनहा गांव निवासी ओम प्रकाश (55 वर्ष) ठेला गाड़ी पर आइसक्रीम बेचकर शुक्रवार को अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कादिराबाद गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनके ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ओम प्रकाश सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में मृत घोषित

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर घायल को संभाला और इसकी सूचना पुलिस तथा परिजनों को दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही डुमरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में छाया मातम

मृतक ओम प्रकाश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, ओम प्रकाश ठेले पर आइसक्रीम बेच कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। थानाध्यक्ष डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि, "कादिराबाद गांव के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।"

Tags:    

Similar News