Siddharthnagar News: ई-रिक्शा में छूटा जेवर और नकदी भरा बैग, पुलिस ने लौटाया
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के इटवा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा में भूला करीब चार लाख के जेवर और नकदी से भरा बैग महिला को सुरक्षित लौटाया।
ई-रिक्शा में छूटा जेवर और नकदी भरा बैग, पुलिस ने लौटाया (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। थाना इटवा पुलिस ने तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए ई-रिक्शा में भूलवश छूटे जेवरात और नकदी से भरा बैग बरामद कर महिला को सकुशल सुपुर्द कर दिया। बैग में लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 15 हजार रुपये से अधिक की नकदी मौजूद थी। अपना सामान वापस पाकर महिला और उसके परिवार ने पुलिस का आभार जताया।
नकदी से भरा बैग ई-रिक्शा में भूली महिला
जानकारी के अनुसार, बस्ती जनपद के थाना सोनहा क्षेत्र अंतर्गत कटरिया निवासी मदीना पत्नी कमाल 18 मई को अपने परिवार के साथ पहाड़ापुर चौराहे से शाहपुर चौराहे तक ई-रिक्शा से आ रही थीं। शाहपुर पहुंचने पर वह जल्दबाजी में कपड़े, जेवरात और नकदी से भरा बैग ई-रिक्शा में ही भूल गईं। बैग में मंगलसूत्र, टॉप्स, बाली समेत अन्य सोने के आभूषण तथा करीब 15 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
पुलिस की सक्रियता ने महिला को दिलाया बैग
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शाहपुर उपनिरीक्षक विनय प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए। पुलिस ने पहाड़ापुर से शाहपुर मार्ग तक सफेद रंग के सभी ई-रिक्शों की जांच शुरू की और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस की सक्रियता और जांच की जानकारी होने पर ई-रिक्शा चालक रामप्रकाश यादव निवासी कोहला थाना इटवा स्वयं बैग लेकर शाहपुर चौकी पहुंच गया।
पुलिस ने महिला और उसके परिवार को चौकी बुलाकर उनके सामने बैग खुलवाया। जांच में बैग से लगभग 30 ग्राम सोने के जेवरात और 15,082 रुपये नगद हूबहू बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने पूरा सामान महिला को सुपुर्द कर दिया। सामान सुरक्षित मिलने पर महिला और उसके परिजनों ने इटवा पुलिस की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की।