Siddharthnagar News: स्व-गणना अभियान को लेकर बैठक, 21 मई तक चलेगा ऑनलाइन जनगणना अभियान

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में स्व-गणना अभियान को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। ऑनलाइन जनगणना अभियान 21 मई तक चलेगा, जिसमें नागरिकों से स्वयं जानकारी दर्ज करने की अपील की गई।

Update:2026-05-12 18:50 IST

Siddharthnagar News(Photo-Social Media)

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जनपद में जनगणना 2027 को लेकर मंगलवार को डुमरियागंज तहसील सभागार में सुपरवाइजरों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी राजेश कुमार ने की। इस दौरान सभी सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक और प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

उपजिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना पूरी कराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा निर्धारित 33 बिंदुओं की जानकारी सही और पूर्ण रूप से ऑनलाइन दर्ज कराई जाए, ताकि जनगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। एसडीएम ने बताया कि स्व-गणना अभियान 7 मई से 21 मई 2026 तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिक अपने घर बैठे मोबाइल फोन के माध्यम से जनगणना से संबंधित जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि स्व-गणना के दौरान नागरिकों से 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर लिए जाएंगे। ऑनलाइन दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन बाद में प्रगणक द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा, ताकि सभी सूचनाओं की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में सुपरवाइजरों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि लोगों को जागरूक कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान तहसीलदार रवि कुमार यादव, नायब तहसीलदार राघवेंद्र कुमार पांडेय, राकेश पांडेय, मलिक अतहर आलम, आफताब आलम, मनोज कुमार, अनुराग शर्मा, दुर्गेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News