Siddharthnagar News: नवीन मंडी शाहपुर में लगी भीषण आग, आधा दर्जन आढ़त की दुकानें जलकर राख

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज स्थित नवीन मंडी शाहपुर में भीषण आग लगने से आधा दर्जन आढ़त की दुकानें जलकर राख हो गईं। आग में आलू, प्याज, लहसुन सहित लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया।

Update:2026-05-23 19:56 IST

Siddharthnagar News

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नवीन मंडी शाहपुर में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन आढ़त की दुकानों में रखा आलू, प्याज, लहसुन सहित अन्य कृषि उत्पाद और जरूरी सामान जलकर राख हो गया। घटना में व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजे मंडी परिसर के एक हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित कई आढ़त की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई। मंडी में मौजूद व्यापारी, मजदूर और आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग के कारण कुछ दुकानों की टीनशेड और लकड़ी की संरचनाएं भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।बताया जा रहा है कि एक दिन पूर्व भी नवीन मंडी शाहपुर गेट के पास स्थित एक छप्परनुमा होटल में आग लग गई थी। लगातार दो दिनों में आग लगने की घटनाओं से मंडी व्यापारियों में भय और नाराजगी का माहौल है। व्यापारियों ने मंडी परिसर में अग्निशमन यंत्र, पानी की पर्याप्त व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग प्रशासन से की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

Tags:    

Similar News