Siddharthnagar: निर्वाचन कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया। 1950 टोल-फ्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों की समीक्षा कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन के मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर निर्वाचन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों से विभिन्न कार्यों के संपादन की स्थिति की जानकारी ली और मतदाताओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टोल फ्री नंबर 1950 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों तथा उनके निस्तारण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संबंधित कर्मचारी ने बताया कि हेल्पलाइन पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने और नाम कटने से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। शिकायतकर्ताओं को ईसीआई-नेट एप के माध्यम से स्वयं आवेदन करने के साथ ही संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अथवा उपजिलाधिकारी कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है, ताकि मतदाता सूची में उनका नाम नियमानुसार सम्मिलित कराया जा सके।
इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और नाम जोड़ने अथवा संशोधन से संबंधित मामलों में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।जिलाधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिदिन मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रगति की जानकारी प्राप्त करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों में लगे कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने और निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।