Siddharthnagar News: दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले डुमरियागंज पुलिस ने किया विसर्जन स्थलों का निरीक्षण

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर डुमरियागंज पुलिस ने विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अफसरों ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Update:2025-10-01 16:58 IST

Siddharthnagar News

Siddharthnagar News: आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा त्योहार को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस सतर्क हो गई है। इसी क्रम में डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के कुशल निर्देशन में क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश वर्मा द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

बुधवार को क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश वर्मा ने प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव थाना डुमरियागंज एवं पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों व आयोजन समिति के सदस्यों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिए कि विसर्जन जुलूस के मार्ग में किसी प्रकार की बाधा न हो, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल को तैनात किया जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और CCTV कैमरों की व्यवस्था की जाए।

प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि सभी प्रतिमा स्थलों एवं जुलूस मार्गों की मैपिंग की जा चुकी है तथा पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि त्योहार के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।प्रशासन की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और आत्मविश्वास देखा गया।

Tags:    

Similar News