Sitapur News: हाईटेंशन लाइन से टकराई ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली, गन्ने की खोई जलकर राख

Sitapur News: सीतापुर के बिसवां स्थित शुगर मिल के पास गन्ने की खोई से ओवरलोड भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन से टकरा गई, जिससे उसमें भीषण आग लग गई।

By :  Sami Ahmed
Update:2026-06-17 16:04 IST

Sitapur News

Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बिसवां नगर स्थित शुगर मिल के समीप आज बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गन्ने की खोई (बगास) से ओवरलोड भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। विद्युत संपर्क होते ही ट्रॉली में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते उसमें लदी पूरी खोई धू-धू कर जलने लगी। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक गन्ने की खोई लदी हुई थी। शुगर मिल के पास से गुजरते समय ट्रॉली का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे चिंगारी निकली और कुछ ही पलों में पूरी ट्रॉली आग की लपटों में घिर गई। आग लगते ही चालक घबराकर ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। आग के फैलाव को रोकने के लिए जल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को शुगर फैक्ट्री के यार्ड में ले जाकर खड़ा किया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में किसी बड़े नुकसान की आशंका टल गई।घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

Tags:    

Similar News