Sonbhadra News: तालाब में डूबने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, रातभर तलाश के बाद सुबह मिला शव
Sonbhadra News: सोनभद्र में तालाब में डूबने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। रातभर तलाश के बाद सुबह शव बरामद हुआ।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: जनपद के चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी ग्राम पंचायत के धौराडीह टोले में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के तालाब में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव उतराया मिला। मृतक की पहचान राम अवतार पुत्र स्वर्गीय रामसनेही गोंड के रूप में हुई। तालाब में डूबने से मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
मंगलवार रात शौच के लिए निकले थे घर से
बताया गया कि राम अवतार मंगलवार रात शौच के लिए घर से निकले थे। काफी देर बीतने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की। देर रात तक खोजबीन के बावजूद बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका। परिजन रातभर उनकी तलाश में परेशान रहे। बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर गांव के तालाब पर पड़ी तो पानी में एक शव उतराता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की पहचान राम अवतार के रूप में होने के बाद परिवार में मातम पसर गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने गुरमा चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बेटी और पत्नी के साथ धौराडीह में रहते थे
मृतक राम अवतार ,थाना चोपन क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। वर्तमान में वह अपनी बेटी गीता देवी और पत्नी के साथ मारकुंडी ग्राम पंचायत के धौराडीह टोले में रह रहे थे। बुजुर्ग की अचानक मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों के बीच बुजुर्ग के तालाब में पहुंचने और डूबने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल प्रथम दृष्टया तालाब में डूबने से बुजुर्ग की मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।