Sonbhadra News: पंचमेश्वर महादेव धाम पर रुद्र महायज्ञ की भव्य शुरुआत, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Sonbhadra News: सोनभद्र के धूमा गांव में पंचमेश्वर महादेव मंदिर पर रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ, विशाल कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल।

Update:2026-02-09 16:54 IST

Sonbhadra News: सोनभद्र।जिले के ग्राम पंचायत धूमा में सोमवार को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब पंचायत भवन परिसर स्थित पंचमेश्वर महादेव मंदिर पर भव्य रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ पूरे वैदिक विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ किया गया। 9 फरवरी 2026 से आरंभ हुए इस आयोजन ने गांव को पूरी तरह शिवमय बना दिया है।


महायज्ञ के प्रथम दिन प्रातः लगभग 10 बजे महायज्ञ मंडप से विशाल कलश यात्रा निकाली गई। सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों महिलाओं की पंक्तियों, ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों की स्थापना की गई। यात्रा में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की समान भागीदारी ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप दे दिया।

यह धार्मिक अनुष्ठान दुद्धी विधानसभा क्षेत्र संख्या 403 के भावी प्रत्याशी एवं भाजपा नेता श्रवण सिंह गोड़ के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव, आयोजन समिति और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम को व्यापक समर्थन मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करना भी प्रमुख लक्ष्य है।


महायज्ञ के साथ 9 फरवरी से 15 फरवरी तक श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है। प्रतिदिन कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रसिद्ध कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज महरार जी अपने प्रभावशाली प्रवचनों के माध्यम से श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भक्ति का भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं, जिसे सुनने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

आयोजन का समापन 16 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर होगा। इस दिन शिवरात्रि मेला, विशेष पूजन-अर्चन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कुल मिलाकर आठ दिनों तक चलने वाला यह आयोजन धूमा गांव को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक ऊर्जा से भर देने वाला सिद्ध हो रहा है।

Tags:    

Similar News