Sonbhadra News: दुद्धी में नहर की जमीन पर बुलडोजर, अवैध कब्जा हटाकर प्रशासन ने किया ध्वस्तीकरण

Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी में प्रशासन ने नहर की सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलाकर वर्षों पुराना अवैध कब्जा हटाया। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई हुई।

Update:2026-05-18 18:21 IST

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: जनपद के दुद्धी नगर पंचायत क्षेत्र के बढ़नीनाला में नहर खाते की सरकारी जमीन पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जे पर सोमवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवा दिया। भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त किए जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

तहसील प्रशासन के अनुसार, सरकारी नहर की भूमि पर मकान और टिनशेड बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया था। लगातार शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश कराई। जांच में कब्जा पूरी तरह अवैध पाया गया, जिसके बाद कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन अतिक्रमणकारी ने प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी की।

सोमवार को एसडीएम दुद्धी निखिल यादव के निर्देश पर तहसीलदार अंजनी गुप्ता, कानूनगो, लेखपाल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने जेसीबी मशीन लगाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करना शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, कब्जा बड़े क्षेत्र में फैला होने के कारण कार्रवाई पूरी होने में दो दिन तक का समय लग सकता है।

स्थानीय लोगों संदीप गुप्ता और राकेश कुमार ने बताया कि बढ़नीनाला तालाब से निकली नहर की जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। आरोप है कि दबंगई के सहारे सरकारी भूमि को घेर लिया गया था, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की थी।

ग्रामीणों का कहना है कि नहर की भूमि कब्जामुक्त होने से अब जल निकासी की समस्या दूर होगी। साथ ही आसपास के दर्जनों परिवारों के लिए रास्ता निकलने की उम्मीद भी बढ़ गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और उन्होंने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्णय की सराहना की है।

Tags:    

Similar News