Sonbhadra News: सोनभद्र में अस्पताल में घुसे ससुराली, प्रसूता और नवजात को मारने की धमकी
Sonbhadra News: सोनभद्र के निजी अस्पताल में आधी रात ससुरालियों ने हंगामा किया। प्रसूता और चार दिन के नवजात को मारने की धमकी से अस्पताल में दहशत फैल गई।
सोनभद्र में अस्पताल में घुसे ससुराली, प्रसूता और नवजात को मारने की धमकी (Photo- Social Media)
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोग अस्पताल में घुसकर जमकर हंगामा करने लगे। आरोप है कि उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रसूता और उसके चार दिन के नवजात बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने सास-ससुर समेत चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में किया हंगामा
वहीं इस बाबत दुरावल कला निवासी नीलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने एक मई को रॉबर्ट्सगंज स्थित बनारस पाली हॉस्पिटल में बेटे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद उसकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह अस्पताल में भर्ती थी। आरोप है कि पांच मई की रात करीब दो बजे उसकी सास तारा देवी, ससुर कंचन प्रसाद, देवर अमित गोंड और पति की मौसी का बेटा दो-तीन अन्य लोगों के साथ अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।
स्टाफ ने बचाई जान
पीड़िता के अनुसार अस्पताल पहुंचते ही सभी लोगों ने उसके भाई अंकित और मां विमला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी नीलम और उसके नवजात के बारे में पूछते हुए आईसीयू की ओर बढ़ने लगे। आरोप है कि वे मां-बेटे को खत्म करने की धमकी दे रहे थे। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल कर्मियों ने तुरंत आईसीयू का दरवाजा बंद कर दिया और किसी तरह प्रसूता व नवजात को सुरक्षित रखा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वहीं इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अस्पताल में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।