Sonbhadra News: जंगल की झाड़ी में मिला महिला का कंकाल, तिलक समारोह से लौटते वक्त हुई थी लापता

Sonbhadra News: सोनभद्र में तिलक समारोह से लौटते वक्त लापता हुई महिला का कंकाल जंगल की झाड़ियों में मिला, पुलिस डीएनए जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Update:2026-05-18 14:11 IST

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के दुद्धी कोतवाली, विंढमगंज थाना क्षेत्र के करहिया ग्राम पंचायत स्थित बासीन नावा टोला में उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल की झाड़ियों के बीच एक महिला का कंकाल मिलने की सूचना सामने आई। दुर्गंध उठने पर चरवाहों ने झाड़ियों के पास जाकर देखा तो वहां साड़ी के अवशेष के साथ मानव कंकाल पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रमेश चेरो की पत्नी सुभगीया देवी (32) के रूप में की गई है, जो बीते 10 मई से रहस्यमय ढंग से लापता थीं। पुलिस ने शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।

तिलक समारोह में गई थी महिला

वहीं मृतका के पति रमेश चेरो ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि, गत 10 मई की शाम वह पत्नी और बच्चों के साथ पड़ोसी विजय चेरो के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उसने पत्नी से घर चलने को कहा, लेकिन सुभगीया ने कुछ देर बाद आने की बात कही।

रमेश के अनुसार वह बच्चों के साथ घर लौट आया, लेकिन देर रात तक पत्नी नहीं पहुंची। इसके बाद उसने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में लगातार तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।

चरवाहों ने खोला रहस्य

यहां रविवार दोपहर गांव के कुछ चरवाहे मवेशी चराने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से तेज दुर्गंध उठती महसूस हुई। पास जाकर देखने पर वहां महिला के कपड़ों के अवशेष और कंकाल दिखाई पड़ा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, जांच तेज

वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव के अवशेष को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया। वहीं इस बाबत पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डीएनए जांच के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है।

Tags:    

Similar News