Sonbhadra News: हिट एंड रन का खूनी खेल: अज्ञात वाहन ने ली एक और जान, सड़क पर तड़पता रहा बाइक सवार

Sonbhadra News: म्योरपुर थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।

Update:2026-07-31 23:06 IST

हिट एंड रन का खूनी खेल: अज्ञात वाहन ने ली एक और जान, सड़क पर तड़पता रहा बाइक सवार (Photo- Social Media)

Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हिट एंड रन की एक दर्दनाक घटना ने फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। देवरी गांव के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी।

तेज टक्कर ने पलभर में बदल दी तस्वीर

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जनपद के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के केनवारी गांव निवासी 40 वर्षीय देवचंद पुत्र बबन अपने गांव के ही 39 वर्षीय देवी नारायण पुत्र सुखई के साथ बाइक से म्योरपुर क्षेत्र के मनबसा गांव जा रहे थे। शुक्रवार दोपहर जब दोनों देवरी गांव के पास मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही टूट गई जिंदगी की डोर

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। म्योरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद देवचंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल देवी नारायण का उपचार जारी है।

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास के मार्गों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में हिट एंड रन की इस वारदात को लेकर लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

Tags:    

Similar News