रेनुकूट हत्याकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल टीवीएस बाइक की चाबी बरामद
Sonbhadra News: सोनभद्र के रेनुकूट में हुए हत्या मामले में पिपरी पुलिस ने पांच दिन बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी बरामद करने का दावा किया है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के रेनुकूट बस स्टैंड के पास हुए विवाद के बाद युवक की मौत के मामले में पिपरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैर-इरादतन हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में थाना पिपरी पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी दबोचे गए
शुक्रवार को चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे और वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 143/2026, धारा 105 बीएनएस से संबंधित तीनों आरोपी रेलवे रेनुकूट स्थित वरिष्ठ अनुभाग अभियंता रेलपथ कार्यालय की बाउंड्री के पीछे पाइपलाइन मार्ग के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुबह 11:05 बजे तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय पाण्डेय पुत्र नरेन्द्र पाण्डेय निवासी शिवापार्क वार्ड नंबर-08, रेनुकूट (मूल निवासी चक कपिल पाण्डेयपुर, थाना बिरनो, जनपद गाजीपुर), वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरु पुत्र जगजीत सिंह निवासी मकान नंबर H-107, हिण्डालको कॉलोनी, रेनुकूट (मूल निवासी ग्राम सरावां, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़) तथा विशाल सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र शिवराम सिंह निवासी गुरुद्वारा मंदिर के पास, रेनुकूट (मूल निवासी ग्राम बैरिया, थाना बैरिया, जनपद बलिया) शामिल हैं।
पान की दुकान पर विवाद के बाद हुआ जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 की रात करीब नौ बजे रेनुकूट बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान के पास आरोपियों का संदीप पाल पुत्र भगवंता प्रसाद पाल निवासी रेनुकूट के साथ विवाद हो गया था। विवाद के दौरान तीनों ने संदीप पाल के साथ मारपीट की। इसी बीच विशाल सिंह उर्फ बिट्टू ने अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी से संदीप पाल की दाहिनी आंख और कान के बीच वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।गंभीर हालत में संदीप पाल को उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतक के भाई की तहरीर पर थाना पिपरी में मुकदमा संख्या 143/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पूछताछ में स्वीकार किया जुर्म, आलाकत्ल भी बरामद
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी (आलाकत्ल) भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने बरामदगी को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार तथा कांस्टेबल सुनील राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।