Sonbhadra News: दुकान पर दबंगई का VIDEO पड़ा भारी, पुलिस ने दबोचा आरोपी; स्कॉर्पियो भी सीज

Sonbhadra News: सोनभद्र में दुकान पर दबंगई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद करमा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

Update:2026-07-31 12:36 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: सोशल मीडिया पर दुकान में दबंगई और शांति व्यवस्था भंग करने का वायरल वीडियो आखिरकार आरोपी पर भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई करमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित दबंगई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

वायरल वीडियो का लिया संज्ञान, जांच के बाद हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के निर्देशन में थाना करमा पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की। जांच में वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति पटैला निवासी विशाल सिंह उर्फ विपुल सिंह पुत्र स्वर्गीय वंशराज सिंह पाया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध शांति व्यवस्था भंग होने तथा संज्ञेय अपराध की आशंका के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।

दबंगई में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी हुई जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP64AW8906 को भी धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

ग्राम पगिया से हुई गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने आरोपी को थाना करमा क्षेत्र के ग्राम पगिया से 30 जुलाई को दोपहर करीब 1:15 बजे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह और कांस्टेबल मोहित द्विवेदी की सक्रिय भूमिका रही।सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। किसी भी प्रकार की गुंडई, दबंगई या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि कानून अपने हाथ में लेने के बजाय किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Tags:    

Similar News