Sonbhadra News: मारकुंडी में बनेगा मेगा इंडस्ट्रियल हब, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार का नया अवसर
Sonbhadra News: सोनभद्र के मारकुंडी में मेगा इंडस्ट्रियल हब बनने की तैयारी तेज है। इस परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में पहचान रखने वाला सोनभद्र अब औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश करने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की नीति के तहत जिले के मारकुंडी क्षेत्र में 50 एकड़ भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने परियोजना के लिए भूमि का चयन कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है, ताकि रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर होने वाला पलायन रोका जा सके। इसके साथ ही सोनभद्र को पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।
एक ही परिसर में मिलेगा प्रशिक्षण, उद्योग और रोजगार
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र केवल फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे आधुनिक कौशल विकास और रोजगार के एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां अत्याधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें इसी औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। परिसर में औद्योगिक इकाइयों के साथ उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए आउटलेट विकसित होंगे तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए व्यापक हरित क्षेत्र भी तैयार किया जाएगा।
आईटी, एआई और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक क्षेत्रों में तैयार होंगे युवा
औद्योगिक क्षेत्र में युवाओं को आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को नई तकनीकों के अनुरूप दक्ष बनाया जाएगा और उन्हें आधुनिक उद्योगों में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही एमएसएमई, स्टार्टअप और नए उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे जिले में निवेश और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
प्लग-एंड-प्ले सुविधा से तुरंत शुरू हो सकेंगे उद्योग
इस औद्योगिक क्षेत्र को प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यहां बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज, इंटरनेट सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध होंगी। उद्यमियों को तैयार फैक्ट्री शेड दिए जाएंगे, जहां वे मशीनें स्थापित करते ही उत्पादन शुरू कर सकेंगे। इससे उद्योग स्थापित करने में लगने वाला समय और लागत दोनों कम होंगे तथा निवेशकों को बेहतर औद्योगिक वातावरण मिलेगा।
16 करोड़ की सड़क बनेगी विकास की नई धुरी
औद्योगिक क्षेत्र तक बेहतर संपर्क सुनिश्चित करने के लिए गुरमा मोड़ से प्रस्तावित इंडस्ट्रियल एरिया तक 15.99 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क बनने से कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी। परिवहन लागत कम होने से उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी और नए निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
पूर्वांचल का नया औद्योगिक और रोजगार केंद्र बनेगा सोनभद्र
जिला प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना केवल एक औद्योगिक क्षेत्र नहीं, बल्कि सोनभद्र के आर्थिक भविष्य की नई आधारशिला साबित होगी। परियोजना के पूर्ण होने पर जिले में बड़े पैमाने पर निवेश आएगा, नए उद्योग स्थापित होंगे और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे सोनभद्र की पहचान केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वह पूर्वांचल और विंध्य क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक, कौशल विकास और रोजगार केंद्र के रूप में भी स्थापित होगा।