Sonbhadra News: प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक पॉक्सो मामले में गिरफ्तार, दुष्कर्म के आरोप में भेजा जेल

Sonbhadra News: सोनभद्र में प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक को नाबालिगों से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO Act सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Update:2026-07-05 16:19 IST

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाले एक सनसनीखेज मामले में कोन थाना पुलिस ने नाबालिग छात्राओं के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लैंगिक अपराध के आरोप में वांछित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विद्यालय बंद होने के बाद कार्यालय कक्ष में छात्राओं के साथ अशोभनीय और आपराधिक हरकत करने का आरोप है। विवेचना में गंभीर साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो अधिनियम और बीएनएस की और भी कठोर धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।

विद्यालय बना शर्मनाक वारदात का ठिकाना

पुलिस के अनुसार थाना कोन में दर्ज मुकदमा संख्या 120/2026 के तहत प्राथमिक विद्यालय धोबी बस्ती, कुड़वा में तैनात शिक्षक टीपू सुल्तान पर आरोप है कि उसने विद्यालय बंद होने के बाद कार्यालय कक्ष में नाबालिग छात्राओं के साथ अशोभनीय एवं आपराधिक कृत्य करने का प्रयास किया। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में बढ़ीं गंभीर धाराएं

शुरुआत में मामले में धारा 75 बीएनएस तथा 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन विवेचना के दौरान मिले पर्याप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 65(2), 62 बीएनएस तथा 5(M)/6 और 18 पॉक्सो अधिनियम जैसी गंभीर धाराएं जोड़ दीं। इसके साथ ही पूर्व में लगाई गई धारा 75 बीएनएस और 7/8 पॉक्सो अधिनियम का लोप कर दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान और मिशन शक्ति के तहत कोन थाना पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर तिलगुड़वा मोड़, कस्बा कोन से आरोपी शिक्षक टीपू सुल्तान (34 वर्ष), निवासी ग्राम रामगढ़, थाना पन्नूगंज को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।

महिला एवं बालिका सुरक्षा पर पुलिस का फोकस

सोनभद्र पुलिस का कहना है कि महिला एवं बालिका सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के लैंगिक अपराध में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल शिव कुमार यादव तथा हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार यादव की टीम की प्रमुख भूमिका रही।

Tags:    

Similar News