Sonbhadra News: गौतस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 गोवंश मुक्त, झारखंड के 4 तस्कर दबोचे गए

Sonbhadra News: सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने जंगल रास्तों से ले जाए जा रहे 15 गोवंश मुक्त कर झारखंड के 4 गौतस्करों को गिरफ्तार किया।

Update:2026-05-22 18:15 IST

गौतस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 गोवंश मुक्त, झारखंड के 4 तस्कर दबोचे गए (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जिले में गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कोन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के चार गौतस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से क्रूरता पूर्वक पैदल हांककर ले जाए जा रहे 15 गोवंशों को भी मुक्त कराया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पकड़े गए तस्कर झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं और पुलिस अब इनके नेटवर्क की भी पड़ताल में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के मार्गदर्शन में कोन थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम बड़ी सफलता हासिल की।

गांव ससनई में घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर

पुलिस के मुताबिक 21 मई की रात करीब नौ बजे थाना क्षेत्र के ग्राम ससनई में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर दी। जांच के दौरान 15 गोवंशों को बेरहमी से पैदल हांककर ले जाते चार लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।

बरामद गोवंशों में 9 बैल, 3 गाय, 2 बछिया और 1 बछड़ा शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गोवंशों को अवैध तरीके से दूसरे राज्य ले जाने की तैयारी थी। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी तस्करी की साजिश नाकाम हो गई।

झारखंड के रहने वाले हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू चौधरी पुत्र विष्णु चौधरी निवासी हासनदाग थाना मेराल जनपद गढ़वा झारखंड, रामलाल चौधरी पुत्र कामेश्वर चौधरी निवासी हरादाग कला थाना रमना जनपद गढ़वा झारखंड, विष्णु चौधरी पुत्र भंगी चौधरी निवासी हासनदाग थाना मेराल जनपद गढ़वा झारखंड तथा धुरमल चौधरी पुत्र स्वर्गीय सहदेव चौधरी निवासी हरादाग कला थाना रमना जनपद गढ़वा झारखंड के रूप में हुई है।

चारों आरोपियों के खिलाफ थाना कोन में मुकदमा अपराध संख्या 99/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।

लगातार सक्रिय है कोन पुलिस

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक वृजनाथ यादव, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र राय, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, हेड कांस्टेबल विपिन जायसवाल, कांस्टेबल सूरज कुमार और कांस्टेबल राजेश कुमार की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में गौतस्करी रोकने के लिए निगरानी और तेज की जा रही है। जंगल और ग्रामीण रास्तों के जरिए सक्रिय तस्करों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि ऐसे गिरोहों की कमर तोड़ी जा सके।

Tags:    

Similar News