Sonbhadra News: धूल के खिलाफ एक्शन मोड में प्रशासन, प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Sonbhadra News: सोनभद्र में बढ़ते धूल और फ्लाई ऐश प्रदूषण को रोकने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी ने स्मोक गन से नियमित छिड़काव और प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Sonbhadra News: जिले में बढ़ते डस्ट प्रदूषण और फ्लाई ऐश की समस्या को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने साफ शब्दों में कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में डस्ट प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत डाला, ओबरा और अनपरा के धूल प्रभावित इलाकों में प्रतिदिन स्मोक गन के जरिए पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की योजना के अनुसार यह अभियान रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक चलाया जाएगा, ताकि सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में उड़ने वाली धूल को नियंत्रित किया जा सके।
प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई
बैठक में जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि प्रदूषण नियंत्रण शासन की प्राथमिकता में शामिल है और इसमें कोताही करने वाले विभागों व संस्थानों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, साफ-सफाई और निर्माण कार्यों में पर्यावरण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।साथ ही क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नगर पंचायतों द्वारा चलाए जा रहे छिड़काव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और उसकी नियमित रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।
क्रशर प्लांट और कंपनियों पर भी प्रशासन की नजर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में संचालित कंपनियों, क्रशर प्लांटों और औद्योगिक इकाइयों का नियमित निरीक्षण कराया जाए। अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि फ्लाई ऐश सड़कों के किनारे अनधिकृत तरीके से फेंकी हुई पाई जाती है तो संबंधित लोगों और संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में प्रदूषण फैलाने वालों पर अभियान और अधिक तेज किया जाएगा।
स्वच्छ वातावरण को लेकर प्रशासन गंभीर
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सोनभद्रवासियों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, आरओ यूपीपीसीबी अधिकारी आर.के. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।सोनभद्र में बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन की इस सख्ती को आमजन बड़ी राहत के रूप में देख रहे हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ज़मीनी स्तर पर यह अभियान कितना असर दिखाता है।