Sonbhadra: बेलन नदी में मगरमच्छ का कहर: नहाने उतरे मासूम को खींच ले गया मौत का शिकारी
Sonbhadra News: सोनभद्र के घोरावल क्षेत्र में बेलन नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर उसे खींच ले गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जिससे पूरे गांव में शोक फैल गया।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के दीवां गांव में शुक्रवार की दोपहर दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेलन नदी में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की मगरमच्छ के हमले में जान चली गई, जिसके बाद गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल फैल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दीवां गांव निवासी बेचन कोल का 12 वर्षीय पुत्र आदर्श कोल अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित बेलन नदी में एक अन्य किशोर के साथ नहाने गया था। दोपहर करीब तीन बजे नदी के पानी में मस्ती कर रहे दोनों बच्चों पर अचानक मौत बनकर मगरमच्छ टूट पड़ा। पानी से निकलकर आए मगरमच्छ ने आदर्श को दबोच लिया और उसे तेजी से खींचकर गहरे पानी में ले गया।
साथ मौजूद किशोर की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। गुस्साए ग्रामीणों ने लाठी-डंडा और बांस के सहारे नदी में उतरकर बालक की तलाश शुरू की, जिसके बाद मगरमच्छ वहां से भाग निकला। बताया जा रहा है कि हमले के बाद मगरमच्छ ने बच्चे को नदी की मिट्टी में दबा दिया था। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय पुलिस बल के साथ और वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि आदर्श अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां-बाप की चीखें और विलाप से माहौल और भी दर्दनाक हो गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं वन विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी, हालांकि प्रारंभिक रूप से डूबने की आशंका जताई जा रही है।