Sonbhadra News: सोनभद्र में सपा की हुंकार, महंगाई, पेपर लीक और जनविरोधी नीतियों पर भाजपा को घेरा

Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की बैठक में नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों, महंगाई, पेपर लीक और आदिवासी अधिकारों के मुद्दों पर सवाल उठाए।

Update:2026-06-05 21:41 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: सत्ता के अहंकार और पूंजीपतियों की कठपुतली बनी वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अब जमीनी स्तर पर बगावत का बिगुल फूंक दिया गया है। शुक्रवार को दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के गोंडवाना भवन में आयोजित समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया। बैठक की कमान संभाल रहे विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव की मौजूदगी में सपा नेताओं ने सूबे की कानून व्यवस्था, बेलगाम महंगाई और नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।

विकास की आड़ में प्राकृतिक संपदा की खुली लूट

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गोंड 'बड़कू' ने तीखे तेवर अपनाते हुए सरकार के दोहरे चरित्र को बेनकाब किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व जहां पर्यावरण के संरक्षण का ढोंग रच रहा है, वहीं दूसरी ओर देश और प्रदेश की हुकूमत विकास का झुनझुना दिखाकर जल, जंगल और जमीन जैसी अमूल्य प्राकृतिक संपदाओं को चुनिंदा उद्योगपतियों की तिजोरियां भरने के लिए कौड़ियों के दाम लुटा रही है। आदिवासियों और मूलनिवासियों को उनके अधिकारों से बेदखल करने की यह साजिश अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है।

पेपर लीक और कमरतोड़ महंगाई से त्रस्त जनता

सपा नेता ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि आज प्रदेश का हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है। मध्यमवर्ग और गरीब तबका जहां कमरतोड़ महंगाई और दफ्तरों में फैले संस्थागत भ्रष्टाचार की चक्की में पिस रहा है, वहीं सूबे का होनहार नौजवान नौकरियों के नाम पर ठगा महसूस कर रहा है। पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। इन ज्वलंत और बुनियादी जनमुद्दों पर बात करने के बजाय पूरी की पूरी सरकार धृतराष्ट्र की तरह मौन साधे बैठी है और जनता की तकलीफों से आंखें मूंद चुकी है।

2027 में जनता सिखाएगी सबक, सपा की पूर्ण बहुमत की तैयारी

अखिलेश यादव की नीतियों की तारीफ करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सपा हमेशा से ही दलितों, पिछड़ों और वंचितों की ढाल बनकर खड़ी रही है। अब प्रदेश की जनता इस दमनकारी शासन से मुक्ति चाहती है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपने वोटों की ताकत से इस तानाशाही का करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक बदलाव की अलख जगाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने अपनी कमर कस ली है।

इस बेहद आक्रामक और रणनीतिक बैठक में पर्यावरण के गंभीर संकट पर चर्चा करते हुए नीरेन्द्र सिंह गोंड ने संगठन को अभेद्य किला बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर जगदीश यादव, गौस मोहम्मद खाँ, कल्लन खाँ, प्रेम सागर पांडेय, सुशीला देवी और रवीना रानी समेत पार्टी के तमाम जोन व सेक्टर प्रभारियों ने एक सुर में हुंकार भरते हुए आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।

Tags:    

Similar News