Sonbhadra: सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: तेज चमक के साथ गिरी बिजली, दो मासूम बहनों की मौत
Sonbhadra News : सोनभद्र के घोरावल क्षेत्र में आम बीनने गई दो मासूम बहनें आकाशीय बिजली की चपेट में आईं, अस्पताल में मृत घोषित।
Sonbhadra Lightning Death News
Sonbhadra News : जनपद के घोरावल कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को मौसम का अचानक बदला मिजाज दो परिवारों पर भारी पड़ गया। तेज गरज-चमक और बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने दो मासूम बहनों की जिंदगी पलभर में छीन ली। आम बीनने निकली दोनों बच्चियां बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नौगवां नंदलाल गांव निवासी 13 वर्षीय अंशिका उर्फ पूजा पुत्री रमाशंकर अपनी मौसेरी बहन 10 वर्षीय आंचल पुत्री विनोद कुमार निवासी बसदेवा, करकी के साथ घर से करीब सौ मीटर दूर आम बीनने गई थी। मंगलवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवा, बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी और दोनों बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गिरने के बाद दोनों बच्चियां खेत में आम के पेड़ के पास अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और गांव के लोग मौके पर दौड़ पड़े। आनन-फानन में दोनों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मासूम बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। एक साथ दो बच्चियों की मौत से हर कोई स्तब्ध नजर आया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों किशोरियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।बारिश के मौसम की शुरुआत में हुई इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही बिजली ने दो घरों की खुशियां छीन लीं और पीछे छोड़ गईं केवल आंसू, सिसकियां और गहरा मातम।