Sonbhadra News: मलदेवा में दर्दनाक अंत: मानसिक तनाव से जूझ रहे युवक ने फंदे पर झूलकर दी जान
Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र स्थित मलदेवा गांव में एक 30 वर्षीय युवक का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मलदेवा गांव में शनिवार शाम एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव के एक 30 वर्षीय युवक का शव उसके घर के भीतर बने बड़ेर में फंदे से लटका मिलने के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार मलदेवा निवासी जमुना प्रसाद प्रजापति पुत्र स्वर्गीय किशुन प्रजापति शनिवार शाम अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने जब उसे देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में आसपास के लोगों को बुलाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिवार के लोगों ने बताया कि जमुना प्रसाद पिछले करीब चार वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित था। उसका लगातार इलाज भी कराया जा रहा था, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार का सहारा बने जमुना प्रसाद ट्रॉली रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था।मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है और लोग इस दुखद घटना को लेकर गहरा शोक व्यक्त कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार शाम के समय जब घर के भीतर हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान बड़ेर में उसका शव मफलर के सहारे लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।सूचना पर पहुंची दुद्धी कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।