Sonbhadra News: फॉर्म भरने निकला छात्र बना रहस्य, रातभर तलाश के बाद जंगल में फंदे पर लटका मिला शव

Sonbhadra में फॉर्म भरने निकला छात्र रातभर लापता रहा, सुबह जंगल में पेड़ से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई

Update:2026-06-06 13:34 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र के चेतवा जंगल में शनिवार सुबह एक 21 वर्षीय छात्र का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रातभर बेटे की तलाश में भटकते रहे परिजनों को सुबह ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मौत के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेमना गांव निवासी प्रवेश कुमार (21) पुत्र गुलाब चंद शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घर से किसी फॉर्म संबंधी कार्य के लिए निकला था। परिजनों का कहना है कि शाम तक उसके वापस न लौटने पर चिंता बढ़ गई और उसकी खोजबीन शुरू की गई। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

यहां शनिवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे एक राहगीर की नजर चेतवा जंगल में चिलबिल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटके एक युवक पर पड़ी। उसने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रवेश कुमार के रूप में की। बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।बताया जा रहा है कि प्रवेश कुमार जरहां स्थित महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार और परिचितों को स्तब्ध कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बीजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। बीजपुर पुलिस के अनुसार मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। वहीं परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags:    

Similar News