Sonbhadra News: ड्यूटी से पहले सड़क किनारे मिला एनसीएल ओवरमैन का शव, सिर में चोट के निशान

Sonbhadra News: ड्यूटी पर जाने से पहले सड़क किनारे एनसीएल ओवरमैन का शव मिला। सिर पर चोट के निशान मिलने से पुलिस ने जांच शुरू की।

Update:2026-08-23 17:30 IST

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: जनपद के शक्तिनगर थाना क्षेत्र की बीना पुलिस चौकी अंतर्गत स्टेडियम मोड़ के पास रविवार तड़के एनसीएल बीना परियोजना में कार्यरत ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ड्यूटी की वर्दी में सड़क किनारे घायल हालत में मिले रमाशंकर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी मिली है। सिर पर चोट के निशान मिलने से हादसे के साथ ही घटना की परिस्थितियों को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सुबह 5 बजे थी ड्यूटी, करीब पौने चार बजे मिले घायल

रविवार तड़के करीब 3:45 बजे स्टेडियम मोड़ के समीप मुख्य हाईवे के किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। डायल 112 की सूचना के बाद बीना चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल एंबुलेंस से डिबुलगंज संयुक्त अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बीना आवासीय परिसर स्थित बी-264 निवासी 40 वर्षीय रमाशंकर मिश्रा पुत्र रामयश मिश्रा के रूप में हुई। वह एनसीएल बीना परियोजना में ओवरमैन के पद पर तैनात थे।

वर्दी में सड़क पर पड़े मिले, बाइक भी मिली पास

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर रमाशंकर की बाइक पड़ी मिली। उनके सिर में चोट के निशान भी थे। सबसे अहम बात यह रही कि वह उस समय ड्यूटी की वर्दी में थे। सहकर्मियों ने बताया कि रविवार को उनकी प्रथम पाली की ड्यूटी सुबह पांच बजे से निर्धारित थी। ड्यूटी शुरू होने से करीब एक घंटे पहले उनका इस हालत में हाईवे किनारे मिलना पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बना रहा है। परिजनों के मुताबिक रमाशंकर तड़के घर से किस समय निकले, इसकी स्पष्ट जानकारी पत्नी को भी नहीं है। यही वजह है कि पुलिस अब उनके घर से निकलने से लेकर घटनास्थल तक पहुंचने के बीच की परिस्थितियों को खंगाल रही है।

दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

रमाशंकर मिश्रा मूल रूप से बेलवाबड़गयन, रीवा मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटी बेटियां हैं। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। सहकर्मियों और परिचितों में भी घटना को लेकर शोक है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों, बाइक की स्थिति और तड़के ड्यूटी के लिए निकले ओवरमैन की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष से ही साफ होगा कि मामला सड़क हादसे का है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।

Tags:    

Similar News