Sonbhadra News: सोनभद्र में खनन माफियाओं पर ‘ऑपरेशन शिकंजा’, लोढ़ी टोल प्लाजा पर 24 घंटे घेराबंदी; ओवरलोड वाहनों की अब खैर नहीं

Sonbhadra News: सोनभद्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने 'ऑपरेशन शिकंजा' शुरू किया है। लोढ़ी टोल प्लाजा पर 24 घंटे टास्क फोर्स तैनात रहेगी।

Update:2026-05-21 20:22 IST

Sonbhadra News: जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने अब बेहद सख्त रुख अपना लिया है। लंबे समय से सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों और अवैध खनिज कारोबार पर लगाम कसने के लिए लोढ़ी टोल प्लाजा क्षेत्र को हाई अलर्ट जोन घोषित करते हुए यहां 24 घंटे विशेष टास्क फोर्स तैनात कर दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं और नियमों को धता बताकर परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

लोढ़ी टोल प्लाजा बना निगरानी का सबसे बड़ा केंद्र

ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप ने गुरुवार को बताया कि जनपद में अवैध खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग और बिना मानक संचालन वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह बड़ा कदम उठाया गया है। जारी आदेश के तहत लोढ़ी टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। टीम मौके पर भ्रमण कर हर संदिग्ध वाहन की जांच करेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ओवरलोड वाहनों पर अब मौके पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब केवल खानापूर्ति नहीं होगी, बल्कि सड़क पर उतरकर वास्तविक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ओवरलोड वाहनों से जहां सड़कों को भारी नुकसान पहुंच रहा है, वहीं हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन इस पूरे नेटवर्क पर सख्ती से शिकंजा कसने की तैयारी में है।

तीन पालियों में चलेगी 24 घंटे निगरानी

अभियान को लगातार प्रभावी बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। पूरी निगरानी व्यवस्था को तीन पालियों में बांटा गया है। पहली पाली सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक, दूसरी पाली शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक और तीसरी पाली रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक सक्रिय रहेगी। प्रत्येक टीम को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय पर मौके पर मौजूद रहकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें।

प्रशासन की चेतावनी— नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News