Sonbhadra News: मोबाइल बरामदगी में सोनभद्र पुलिस का बड़ा कमाल, यूपी में हासिल किया दूसरा स्थान

Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने खोए हुए 638 मोबाइल फोन बरामद कर उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। साइबर अपराध पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लोगों को राहत दिलाई और लाखों रुपये की साइबर ठगी राशि भी वापस कराई।

Update:2026-05-21 17:12 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: साइबर अपराध पर लगाम कसने और आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में जनपद पुलिस ने बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में सोनभद्र पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी कार्यकुशलता का दम दिखाया है। पुलिस की इस सफलता से न केवल मोबाइल धारकों को राहत मिली है, बल्कि साइबर अपराधियों के खिलाफ भी सख्त संदेश गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर थाना और साइबर सेल लगातार तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल के जरिए वर्ष 2026 में अब तक 638 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने सोनभद्र पुलिस की कार्यप्रणाली की खुलकर सराहना की। कई लोगों के लिए मोबाइल सिर्फ संपर्क का माध्यम नहीं, बल्कि बैंकिंग, दस्तावेज और निजी जानकारी का अहम जरिया था। ऐसे में फोन वापस मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।सिर्फ मोबाइल बरामदगी ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन ठगी के मामलों में भी सोनभद्र पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। साइबर थाना और साइबर सेल ने NCRP पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के शिकार लोगों के खातों में अब तक करीब 1 करोड़ 2 लाख रुपये वापस कराए हैं।फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन निवेश और डिजिटल पेमेंट फ्रॉड जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस संबंधित बैंकों और संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर पीड़ितों को राहत दिला रही है।

साइबर हेल्पलाइन 1930 बनी बड़ी मदद

साइबर अपराध की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 आमजन के लिए बड़ा सहारा बनकर उभरा है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो, तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते धनराशि को रोका जा सके।

पुलिस की अपील- सतर्क रहें, सुरक्षित रहें

सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी शेयरिंग या ऑनलाइन लालच से बचें। साथ ही मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे बरामदगी की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जा सके।साइबर अपराध के बढ़ते दौर में सोनभद्र पुलिस की यह उपलब्धि जिले के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। तकनीक के सहारे अपराध पर चोट और पीड़ितों को राहत देने की यह पहल अब प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनती दिखाई दे रही है।

Tags:    

Similar News