Sonbhadra: ओवरब्रिज निर्माण से पहले सड़क बंद करने की तैयारी पर सपा का हमला, कहा- जनता को मुसीबत में
Sonbhadra News: पूर्व विधायक एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि पहले वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किए बिना मुख्य सड़क को अवरुद्ध किया गया तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
Sonbhadra News रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग बंद करने की तैयारी सपा ने किया विरोध (Social Media) (7).jpg
Sonbhadra News: जनपद में रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग को बिना वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के बंद किए जाने की संभावना पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पूर्व विधायक एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि पहले वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित किए बिना मुख्य सड़क को अवरुद्ध किया गया तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
हजारों लोगों की जीवनरेखा है यह मार्ग
ज्ञापन में कहा गया है कि यह प्रांतीय राजमार्ग उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है। प्रतिदिन इस रास्ते से किसान, व्यापारी, छात्र, कर्मचारी, मरीज और आम नागरिक बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग को बिना तैयारी के बंद करना प्रशासनिक संवेदनहीनता का उदाहरण होगा।
एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं पर पड़ेगा सीधा असर
अविनाश कुशवाहा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच यदि मार्ग बंद कर दिया गया तो मरीजों, बुजुर्गों और यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही बाधित होने से गंभीर परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और प्रशासन की होगी।
पहले विकल्प, फिर निर्माण कार्य
सपा नेता ने मांग की कि जब तक सुगम और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक रेलवे क्रॉसिंग को बंद न किया जाए। जनता की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए।
‘अस्पताल नहीं, मौत के अड्डे बन रहे निजी नर्सिंग होम’, लगातार मौतों पर सपा नेता ने उठाए सवाल
सोनभद्र। जिले में निजी अस्पतालों में हो रही लगातार मौतों को लेकर समाजवादी पार्टी ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पूर्व विधायक एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निजी अस्पतालों की व्यापक जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
लगातार घटनाओं से उठ रहे बड़े सवाल
ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के कई निजी अस्पतालों में इलाज और सर्जरी के दौरान मरीजों की मौत के मामले सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार संस्थानों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भय और आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे कई अस्पतालों को संरक्षण मिलने के कारण ऐसी घटनाएं रुक नहीं पा रही हैं।
अवैध सर्जरी और लापरवाही की हो निष्पक्ष जांच
अविनाश कुशवाहा ने मांग की कि जिले के सभी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम की विशेष जांच कराई जाए। जहां भी बिना मानकों के सर्जरी या उपचार किए जाने के प्रमाण मिलें, वहां संचालकों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।
पीड़ित परिवारों को मिले न्याय, दोषियों पर हो कार्रवाई
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर लोगों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जिन मामलों में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन से मौतें हुई हैं, उनमें कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।