अखिलेश के उम्मीदवार का पाकिस्तान कनेक्शन! कौन हैं उमर अली खान, जिन्हें सपा ने दिया टिकट?

Umar Ali Khan Pakistan Connection: सपा ने सहारनपुर की बेहट सीट से मौजूदा विधायक उमर अली खान को 2027 चुनाव के लिए फिर उम्मीदवार बनाया है। उनके पिता सरफराज अली खान पाकिस्तान के कराची से भारत आए थे और लंबे समय तक लॉन्ग टर्म वीजा पर रहे। जानिए उमर अली खान का पाकिस्तान कनेक्शन, इमाम बुखारी से रिश्ता और उनका राजनीतिक सफर।

Update:2026-11-25 13:39 IST

Umar Ali Khan Pakistan Connection 

Umar Ali Khan Pakistan Connection: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Election 2027) को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और कांग्रेस (Congress) के बीच सीटों के बंटवारे पर अभी तक अंतिम फैसला नहीं हुआ है। दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन इसी बीच अखिलेश यादव ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने पांच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। इनमें सहारनपुर की दो विधानसभा सीटें भी शामिल हैं।

सपा ने बेहट विधानसभा सीट (Behat Assembly Seat) से मौजूदा विधायक उमर अली खान (Umar Ali Khan) को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। उमर अली खान का राजनीतिक सफर जितना दिलचस्प है, उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी उतनी ही चर्चा में रहती है। वह दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी के दामाद हैं। वहीं, उनके पिता सरफराज अली खान पाकिस्तान के कराची के रहने वाले थे और भारत में लंबे समय तक वीजा (Long Term Visa) पर रहे।

कराची से सहारनपुर तक का पारिवारिक सफर

उमर अली खान के पिता सरफराज अली खान मूल रूप से पाकिस्तान के कराची शहर के रहने वाले थे। उनकी शादी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के कांची गांव की बिस्मिल्लाह बेगम से हुई थी। शादी के बाद सरफराज अली खान अपनी पत्नी के साथ पाकिस्तान के कराची में रहने लगे थे।

23 अप्रैल 1977 को उमर अली खान का जन्म हुआ। इसके बाद सरफराज अली खान लॉन्ग टर्म वीजा पर पाकिस्तान से भारत आए और सहारनपुर में रहने लगे। जब उमर अली अपने माता-पिता के साथ भारत आए थे, तब उनकी उम्र महज पांच महीने थी। इसके बाद से उनका परिवार सहारनपुर में ही रहने लगा। हालांकि, सरफराज अली खान समय-समय पर पाकिस्तान भी जाते रहे।

खास बात यह है कि सरफराज अली खान को भारत की नागरिकता नहीं मिली थी। वह पूरी जिंदगी लॉन्ग टर्म वीजा पर ही भारत में रहे। उनके वीजा को लेकर इमरान मसूद के चाचा काजी राशिद मसूद ने भी सांसद रहते हुए सिफारिश की थी।

उमर अली खान भारत के नागरिक हैं। उन्होंने अपने पिता को भी भारतीय नागरिकता दिलाने के लिए सरकार से सिफारिश की थी, लेकिन उनका मामला लंबित ही रहा। साल 2024 में सरफराज अली खान का निधन हो गया।

सहारनपुर में बीता बचपन, दुबई में भी की नौकरी

उमर अली खान का बचपन सहारनपुर में ही बीता। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई-लिखाई भी यहीं से की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा हासिल की। उनकी शैक्षणिक योग्यता में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से स्नातक और मोदीनगर से एमबीए (MBA) की डिग्री शामिल है।

एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद उमर अली खान नौकरी के लिए दुबई चले गए थे। वहां उन्होंने दुबई पोर्ट अथॉरिटी (Dubai Port Authority) में काम किया। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया। साल 2007 में वह वापस सहारनपुर आ गए और अपने ननिहाल के गांव पचेर में रहने लगे।

जामा मस्जिद के शाही इमाम के दामाद हैं उमर अली

उमर अली खान का रिश्ता दिल्ली की जामा मस्जिद (Jama Masjid) के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी के परिवार से भी जुड़ा है। वह इमाम बुखारी के दामाद हैं। उमर अली खान की शादी 24 दिसंबर 2005 को हिना बुखारी से हुई थी। शादी के करीब दो साल बाद उन्होंने दुबई की नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया।

इमाम बुखारी के दामाद और रिश्तेदार होने की वजह से उमर अली खान की पहचान दिल्ली से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में रही है। बाद में उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ अपना राजनीतिक सफर शुरू किया।

2012 में पहली बार सपा ने दिया था टिकट

उमर अली खान ने समाजवादी पार्टी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। साल 2012 में सपा ने उन्हें बेहट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, उस चुनाव में उन्हें जीत नहीं मिल सकी।

इसके बाद उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी। उस समय इमाम बुखारी और मुलायम सिंह यादव के बीच करीबी रिश्ते थे। इसी दौरान सपा ने उमर अली खान को विधान परिषद का सदस्य बनाया। वह साल 2012 से 2018 तक विधान परिषद सदस्य यानी एमएलसी (MLC) रहे।

2017 में कांग्रेस के खाते में चली गई थी बेहट सीट

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के चलते बेहट विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में चली गई थी। कांग्रेस ने इस सीट से नरेश सैनी को उम्मीदवार बनाया था और वह विधायक चुने गए।

इसके बाद साल 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर उमर अली खान पर भरोसा जताया। इस बार उन्होंने बेहट सीट से जीत दर्ज की और विधायक बने। अब अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भी उन्हें इसी सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

इमरान मसूद की दावेदारी के बीच उमर अली को टिकट

उमर अली खान की उम्मीदवारी का ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। सहारनपुर की सीटों को लेकर भी दोनों दलों के बीच राजनीतिक चर्चा जारी है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की जिले की कुछ सीटों पर दावेदारी की चर्चा भी रही है।

ऐसे में बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान को दोबारा उम्मीदवार बनाने का फैसला गठबंधन की बातचीत के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एक तरफ कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनी है, वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने बेहट से अपने मौजूदा विधायक पर फिर भरोसा जताकर चुनावी तैयारी का संकेत दे दिया है।

अब देखना होगा कि सीट शेयरिंग (Seat Sharing) को लेकर दोनों दलों के बीच क्या सहमति बनती है और सहारनपुर की सीटों पर गठबंधन का अंतिम फैसला क्या होता है।

Tags:    

Similar News