Unnao News: उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर पलटा, अदाणी ग्रुप की त्वरित कार्रवाई ने टाला बड़ा हादसा
Unnao News: गंगा एक्सप्रेसवे के उन्नाव में एक ट्रेलर चालक की थकान के कारण पलट गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। अदाणी ग्रुप की टीम ने त्वरित राहत अभियान चलाकर गैस रिसाव को नियंत्रित किया।
Ganga Expressway
Unnao News: गंगा एक्सप्रेसवे के जनपद उन्नाव स्थित चेनज 456+400 (RHS) पर आज प्रातः लगभग 06:15 बजे ट्रेलर संख्या MH14NA4901 चालक की थकान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति को मामूली चोट आई, जिसका तत्काल मौके पर उपचार कर दिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई तथा एक्सप्रेसवे की किसी भी अवसंरचना को कोई क्षति नहीं पहुँची।
घटना की सूचना मिलते ही अदाणी ग्रुप की रोड पेट्रोलिंग, रूट मैनेजमेंट एवं ऑपरेशन टीम ने अपनी मानक आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (Emergency Response Protocol) के तहत तत्काल कार्रवाई प्रारम्भ की और मात्र 33 मिनट में, 06:48 बजे, घटनास्थल पर पहुँचकर राहत एवं सुरक्षा कार्यों की कमान संभाल ली।
घटनास्थल पर गैस रिसाव एवं संभावित विस्फोट की गंभीर आशंका को देखते हुए अदाणी ग्रुप की टीम ने स्थिति का त्वरित तकनीकी आकलन किया तथा स्थानीय पुलिस, 112 आपातकालीन सेवा एवं अग्निशमन विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर क्षेत्र को सुरक्षित किया। समयबद्ध निर्णय, समन्वित कार्रवाई एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन के कारण किसी भी बड़ी अप्रिय घटना की संभावना को सफलतापूर्वक टाल दिया गया।
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अदाणी ग्रुप ने प्रातः 07:40 बजे से सायं 04:20 बजे तक लगभग 9 घंटे तक मीडियन ओपनिंग के माध्यम से दोनों दिशाओं में लगभग 5 किलोमीटर का सुव्यवस्थित यातायात डायवर्जन संचालित किया। पूरे अभियान के दौरान कहीं भी यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई, जिससे हजारों यात्रियों की निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई।
गैस रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित करने तथा ट्रेलर में लदे माल को सुरक्षित रूप से उतरवाने के पश्चात अदाणी ग्रुप की निगरानी एवं समन्वय में क्रेनों की सहायता से सायं 04:30 बजे ट्रेलर को सफलतापूर्वक सीधा कर दिया गया। इसके उपरांत टीम द्वारा मलबा हटाने एवं कैरिजवे की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया गया, जिससे सामान्य यातायात शीघ्र बहाल किया जा सका।
लगभग 10 घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान के दौरान अदाणी ग्रुप की ऑपरेशन एवं मैनेजमेंट टीम ने उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता, प्रभावी समन्वय, अनुशासित निष्पादन एवं उच्च स्तरीय परिचालन क्षमता का परिचय दिया। टीम ने अत्यंत संवेदनशील एवं संभावित विस्फोटक स्थिति को सुरक्षित रूप से नियंत्रित करते हुए जनसुरक्षा सुनिश्चित की तथा पूरे अभियान के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात को सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध बनाए रखा।
यह सफल अभियान अदाणी ग्रुप की सुदृढ़ आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा मानकों के प्रति प्रतिबद्धता तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने की क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है।