UP Blackout Mock Drill: ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल से परखी गईं तैयारियां
UP Blackout Mock Drill: प्रदेश के विभिन्न जिलों में शाम 6 बजे हुआ मॉक ड्रिल, प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ आपात तैयारियों का जायजा लिया।
ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल से परखी गईं तैयारियां (Photo- Social Media)
UP Blackout Mock Drill: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आपातकालीन परिस्थितियों और किसी भी संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम 6 बजे ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को यह दिखाया गया कि किसी आपात स्थिति में बिना घबराए किस तरह अपनी और दूसरों की जान-माल की सुरक्षा की जा सकती है। उत्तर प्रदेश शासन के नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने हिस्सा लिया।
विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय के साथ परखी तैयारियां
मॉक ड्रिल के दौरान संबंधित विभागों की टीमों ने आपसी तालमेल के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे या आपदा के समय प्रशासनिक व्यवस्था की तत्परता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखना था। इसके जरिए यह भी समझने का प्रयास किया गया कि ऐसी परिस्थितियों में किस तरह तेजी से कार्रवाई करते हुए जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
आपात स्थिति में सतर्कता और सुरक्षा का दिया गया संदेश
ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सावधानी और समझदारी से काम लेने का संदेश दिया गया। इस आयोजन में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार तैयारियों को परखा। शासन के निर्देश पर हुए इस अभ्यास के जरिए संभावित आपदाओं से निपटने के लिए विभागीय तैयारियों और आपसी समन्वय का जायजा लिया गया।
Fatehpur News: फ़तेहपुर में ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन, आपातकालीन बचाव का किया गया अभ्यास, सायरन बजते ही लाइट बन्द
Fatehpur News: यूपी के फ़तेहपुर में अग्निशमन,नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षक (नई दिल्ली) के निर्देश पर शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एडीएम विनय पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि फतेहपुर में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा इस तरह का एक आयोजन किया गया था। जिसमें विभिन्न कठिन परिस्थितियां—जैसे कि हवाई आक्रमण, ड्रोन आक्रमण, आग लगने की घटना, बम गिरने की घटना, चोट लगना या बिल्डिंग में फंस जाना इत्यादिसे हम, हमारे विभाग और हमारे नागरिक किस प्रकार बचाव कर सकते हैं, उसका यहां पर रिहर्सल किया गया। इसके लिए करीब 10 मिनट का ब्लैकआउट भी किया गया था, ताकि हम अधिक से अधिक सीख सकें।
इसमें जनता को भी जागरूक किया जाता है कि इस तरह की परिस्थितियों में अगर आग लग जाए तो क्या करना है, कोई चोटिल हो जाए तो क्या करना है, किस तरह से दूसरों को बचाना है और किस तरह से अपना भी बचाव करना है। उदाहरण के लिए, यदि घर में कोई व्यक्ति फंस गया है या आग लगी हुई है तो उसे किस तरह से निकालना है; जैसे धुआं भर गया है तो ऑक्सीजन की सप्लाई बनी रहे इसके लिए घुटनों के बल नीचे झुकते हुए कैसे बाहर निकलना है—उस तरह का भी यहां पर प्रैक्टिकल करके दिखाया गया।
इसके अलावा यह भी दिखाया गया कि फर्स्ट एड में (अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा) किसी को पट्टी कैसे बांधते हैं, या किसी की पसली अथवा हड्डी टूट गई है तो उसे किस तरह से उठाते हैं और किस तरह से स्ट्रेचर पर रखते हैं। यह सारा रिहर्सल आज इस प्रांगण में किया गया। सभी विभागोंयहाँ तक कि फायर ब्रिगेड, हमारे एनसीसी के बच्चे, हमारे होमगार्ड के जवान, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और डॉक्टर्स ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई। सब कुछ 'ऑल क्लियर' रहा और प्रोग्राम सफल रहा।
रिपोर्ट- राम चन्द्र सैनी-फतेहपुर यूपी
-------------------------------------------
Firozabad News: फिरोजाबाद में 'सिविल डिफेंस एयर स्ट्राइक एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज 2026' का भव्य एवं सफल आयोजन; आपातकालीन तैयारियों का किया गया सजीव प्रदर्शन
Firozabad News: शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश के साथ-साथ आज दिनांक 22 नवंबर 2026 (रविवार) को नागरिक सुरक्षा केंद्र, फिरोजाबाद तथा उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आम जनमानस को आपातकालीन स्थितियों के प्रति जागरूक एवं तैयार करने के उद्देश्य से 'सिविल डिफेंस एयर स्ट्राइक एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज -2026' का सफलतापूर्वक आयोजन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। यह विशेष अभ्यास पुलिस लाइन मैदान, फिरोजाबाद में सायंकाल 06:00 बजे से 06:30 बजे तक आयोजित किया गया।
"सुरक्षित रहें, सतर्क रहें, राष्ट्र की सेवा करें" के मूल मंत्र पर आधारित इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले (एयर स्ट्राइक) या किसी भी संभावित आकस्मिक आपदा के समय ब्लैकआउट (अंधकार) की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, प्रशासन व सुरक्षा बलों के रिस्पॉन्स टाइम (त्वरित प्रतिक्रिया) का आकलन करना तथा आम जनता को उनके नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में शाम ठीक 06:00 बजे पुलिस लाइन परिसर में ब्लैकआउट किया गया, जिसके तुरंत बाद सायरन बजने पर आपातकालीन राहत एवं बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन शुरू हुआ।
इस मॉक ड्रिल में नवगठित सिविल डिफेंस (नागरिक सुरक्षा) के जवानों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग (फायर सर्विस) और एम्बुलेंस की टीमों ने पूर्ण समन्वय के साथ भाग लिया।
इस दौरान प्रशिक्षित जवानों ने अत्यंत त्वरित गति और तत्परता के साथ घायलों को सुरक्षित निकालने और प्राथमिक उपचार देने के कार्य को अंजाम दिया।
सभी टीमों को इस प्रकार प्रशिक्षित किया गया है कि किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रहे तथा जनहानि और धनहानि को शून्य या न्यूनतम रखा जा सके।
जानकारी देते हुए जिलाधिकारी /नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा, संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि "किसी भी आपातकालीन या आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सतर्क और प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। सिविल डिफेंस के गठन का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को भी आपदा प्रबंधन की सेवा से जोड़ना है। 'सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और राष्ट्र की सेवा करें' केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज जैसे अभ्यास हमें विषम परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, सुरक्षा उपायों को अपनाने और प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की क्षमता प्रदान करते हैं। मैं जनपद के सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे इस प्रकार के जागरूकता अभियानों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें और राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दें।"
अंत में जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस ड्रिल में प्रतिभाग करने वाले सभी जवानों, अधिकारियों और कर्मियों को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में यदि जनपद में कभी ऐसी कोई आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होती है, तो सभी विभाग इसी तत्परता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- बृजेश राठौर फिरोजाबाद
---------------------------------------
Hardoi News: अचानक बजा हवाई हमले का सायरन... हरदोई में अलर्ट हुए जवान, घायलों को बचाने के लिए दौड़ीं टीमें!
Hardoi News: हरदोई जनपद में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए रविवार, 22 नवंबर को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुए इस अभ्यास में पुलिस बल, अग्निशमन विभाग, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
हवाई हमले का सायरन बजने पर क्या होगी कार्रवाई, इसका हुआ अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान ऐसी काल्पनिक परिस्थिति तैयार की गई, जिसमें हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजता है और किसी स्थान पर आपात घटना हो जाती है। इस स्थिति में संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां क्या होंगी और किस प्रकार तत्काल कार्रवाई की जाएगी, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के जरिए यह समझने का प्रयास किया गया कि संकट के समय अलग-अलग टीमें किस तरह आपसी तालमेल के साथ काम करेंगी।
घायलों को सुरक्षित निकालने और उपचार देने पर रहा जोर
अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य आपात घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करना रहा। इसमें घायलों को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकालने, उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने की प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया। अग्निशमन विभाग और पुलिस बल ने भी अपनी निर्धारित भूमिका के अनुरूप तैयारियों का प्रदर्शन किया।
एनसीसी और स्काउट गाइड के विद्यार्थियों ने भी निभाई भूमिका
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि एनसीसी और स्काउट गाइड के विद्यार्थियों सहित युवाओं ने भी इस अभ्यास में सक्रिय सहयोग किया।उन्होंने बताया कि हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में सायरन बजने से लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने तक हर स्तर पर तैयारी जरूरी है। इस प्रकार के अभ्यास से विभागों की कार्यप्रणाली को परखने और कमियों को समय रहते सुधारने का अवसर मिलता है।
Report—Pulkit sharma, Hardoi
---------------------------------------------------
Bijnor News: बिजनौर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, डीएम जोगेन्दर और एसपी ग्रामीण गौतम राय ने किया निरीक्षण
बिजनौर नगर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और एसपी ग्रामीण गौतम राय ने मॉक ड्रिल में प्रतिभाग कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बाइट :-जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह बिजनौर
रिपोर्ट- फैसल खान, बिजनौर
----------------------------------
Kanpur Dehat News: अकबरपुर इंटर कॉलेज में हुई ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, आपात स्थिति से निपटने का हुआ लाइव रिहर्सल; डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां
सीपीआर से लेकर घायलों के रेस्क्यू तक का व्यावहारिक प्रशिक्षण, एनसीसी कैडेट्स और आमजन को सिखाए गए जीवन बचाने के गुर
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात (अकबरपुर): आपातकालीन परिस्थितियों और किसी भी संभावित आपदा के समय बिना घबराए जान-माल की सुरक्षा कैसे की जाए, इसका लाइव नजारा रविवार को अकबरपुर इंटर कॉलेज के मैदान में देखने को मिला। उत्तर प्रदेश शासन के नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर यहां भव्य 'ब्लैकआउट मॉक ड्रिल' का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की टीमों ने आपसी समन्वय का प्रदर्शन करते हुए अपनी तैयारियों को परखा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने खुद मौजूद रहकर पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन और बचाव कार्यों का जायजा लिया। मॉक ड्रिल के दौरान यह दिखाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में अलर्ट मिलने पर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां कितनी तेजी से घटनास्थल पर पहुंचती हैं और राहत कार्य शुरू करती हैं।
सीपीआर और सुरक्षित रेस्क्यू का मिला लाइव प्रशिक्षण
अभ्यास के दौरान विशेषज्ञों ने एनसीसी कैडेट्स, कर्मचारियों और मौजूद लोगों को जीवन रक्षक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी। इसमें मुख्य रूप से:
सीपीआर (CPR) तकनीक: अचानक सांस रुकने या बेहोशी की हालत में सीपीआर देकर मरीज की जान कैसे बचाई जाए, इसका डेमो दिया गया।
घायलों की मदद और रेस्क्यू: सड़क दुर्घटना या किसी आपदा में घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार (First Aid) देने और अस्पताल पहुंचाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को बारीकी से समझाया गया।
संयम और सतर्कता: आमजन को संदेश दिया गया कि आपात स्थिति में अफवाहों या घबराहट के बजाय अनुशासन और समझदारी से काम लें।
अधिकारियों और जवानों ने दिखाया दमखम
इस संयुक्त अभ्यास के जरिए विभिन्न विभागों के बीच आपसी संचार, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (Quick Response System) की मजबूती का आकलन किया गया। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे व्यावहारिक अभ्यासों से किसी भी वास्तविक संकट के समय जनहानि को न्यूनतम करने में बड़ी मदद मिलती है।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद, एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पांडे सहित पुलिस, स्वास्थ्य, होमगार्ड, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और एनसीसी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
बाइट - कपिल सिंह जिला अधिकारी कानपुर देहात।
रिपोर्ट- मनोज सिंह, कानपुर देहात
-----------------------------------------
Sonbhadra News: सायरन बजते ही मची हलचल, हवाई हमले के बीच कैसे बचाई जाएगी जान... चुर्क पुलिस लाइन में परखी गई आपातकालीन तैयारियां
Sonbhadra News: सोनभद्र। आसमान से अचानक हवाई हमले की चेतावनी मिले तो प्रशासन, पुलिस और बचाव दल किस तरह मोर्चा संभालेंगे और संकट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कितनी तेजी से कार्रवाई होगी, इसका जीवंत अभ्यास रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में किया गया। संभावित हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर आयोजित एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल में सायरन बजते ही सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय हो गई। कहीं सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास हुआ तो कहीं घायलों को निकालने, आग बुझाने और चिकित्सा सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में हुए इस संयुक्त अभ्यास में विभिन्न विभागों की तैयारियों और आपसी तालमेल को परखा गया।
सायरन बजते ही सक्रिय हुईं सुरक्षा टीमें
22 नवंबर को आयोजित इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रत्याशित आपातकालीन परिस्थिति में प्रशासनिक तंत्र की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और विभागों के बीच समन्वय की वास्तविक स्थिति को समझना था। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक चेतावनी सायरन के जरिए प्रसारित की गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकाल के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने तथा संभावित खतरे से बचाव के तरीकों का अभ्यास किया।
पुलिस लाइन के आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को भी ऐसी परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों से परिचित कराया गया। उन्हें बताया गया कि संकट के समय घबराहट के बजाय संयम बनाए रखना और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करना कितना जरूरी है।
घटना स्थल की घेराबंदी, घायलों को निकालने का अभ्यास
काल्पनिक हमले के बाद नुकसान होने और लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों को सक्रिय करने का अभ्यास किया गया। पुलिस सुरक्षा दल ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आवागमन के लिए सुरक्षित रास्ता तैयार किया, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके बाद बचाव दल ने प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
अभ्यास में यह भी दिखाया गया कि धुएं से भरे स्थानों में फंसे लोगों तक किस तरह पहुंचना है और उन्हें बिना अतिरिक्त नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर कैसे लाना है। राहत दल ने घायलों को प्राथमिकता के आधार पर बाहर निकालने और उन्हें उपचार के लिए भेजने की प्रक्रिया भी पूरी की।
सिलेंडर में आग लगी तो कैसे होगा बचाव, फायर टीम ने समझाए तरीके
मॉक ड्रिल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा आग से निपटने की तैयारियों से जुड़ा रहा। फायर सर्विस की टीम ने काल्पनिक आग लगने की स्थिति तैयार कर उसे नियंत्रित करने के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर में आग लगने पर किस तरह सावधानी बरतनी चाहिए, गैस की आपूर्ति बंद करने और आग बुझाने के दौरान किन सुरक्षा उपायों का ध्यान रखना जरूरी है, इसकी जानकारी भी दी गई।
अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में जल्दबाजी और घबराहट नुकसान बढ़ा सकती है। ऐसी दशा में सुरक्षित दूरी बनाए रखना, स्थिति के अनुसार सावधानी बरतना और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देना आवश्यक है।
घायलों को प्राथमिक उपचार से अस्पताल पहुंचाने तक का प्रदर्शन
चिकित्सा टीम ने आग से झुलसे लोगों, धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी झेल रहे व्यक्तियों और अन्य घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई। घायलों की गंभीरता के आधार पर उनका वर्गीकरण यानी ट्रायेज करने, प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इससे आपातकाल में चिकित्सा संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और गंभीर रूप से प्रभावित लोगों को प्राथमिकता देने की प्रक्रिया को भी परखा गया।
कई विभागों ने मिलकर संभाली जिम्मेदारी
इस संयुक्त अभ्यास में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर और प्रतिसार निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मेडिकल टीम, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, राजस्व विभाग, पुलिस और अग्निशमन विभाग के सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप सहभागिता की।
पूरे अभ्यास के संचालन के लिए नियंत्रण एवं निगरानी, घटना सूचना, पुलिस सुरक्षा एवं गश्त, अग्निशमन, राहत-बचाव और प्राथमिक उपचार जैसी अलग-अलग टीमों की जिम्मेदारियां तय की गई थीं। सभी टीमों ने आपसी तालमेल के साथ निर्धारित कार्यों को पूरा किया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह आयोजन पूरी तरह पूर्वाभ्यास था। इसका किसी वास्तविक हमले या घटना से संबंध नहीं था। इसका मकसद संभावित खतरे के समय जनहानि को न्यूनतम रखने और सरकारी तंत्र को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखना है।
जनपद प्रशासन और सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में धैर्य बनाए रखें, सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बिना पुष्टि वाली सूचनाओं और अफवाहों को प्रसारित करने से बचें।
रिपोर्ट- मिथिलेश पांडे, सोनभद्र
--------------------------------------
Mathura News: मथुरा रिफाइनरी में एयर रेड का अलर्ट बजते ही हुआ ब्लैक आउट, सायरन से मचा सतर्कता का माहौल
जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा विभाग के समन्वय से हुई मॉक ड्रिल, घायलों के रेस्क्यू से लेकर प्राथमिक उपचार तक का किया गया अभ्यास
Mathura News: मथुरा। संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए रविवार को मथुरा रिफाइनरी में ‘एयर रेड’ ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग मथुरा के सहयोग से हुए इस पूर्वाभ्यास में रिफाइनरी के अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आपातकालीन स्थिति में बचाव कार्यों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की तैयारियों को परखा गया।
मॉक ड्रिल के तहत शाम करीब छह बजे सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम से ‘एयर रेड’ का संदेश प्राप्त हुआ। इसके बाद मथुरा रिफाइनरी के फायर कंट्रोल रूम से दो मिनट तक वेलिंग सायरन बजाकर रेड अलर्ट घोषित किया गया। सायरन बजते ही प्रशासनिक भवन और आसपास के निर्धारित क्षेत्र की लाइटें बंद कर दी गईं। कुछ ही देर में पूरे निर्धारित क्षेत्र में ब्लैक आउट की स्थिति बना दी गई।
इस दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। इसमें घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाने, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, ट्रायेज के माध्यम से घायलों की स्थिति के अनुसार प्राथमिकता तय करने और प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास शामिल रहा। संबंधित टीमों ने निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया।
निर्धारित ब्लैक आउट अवधि पूरी होने के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया गया और ग्रीन सिग्नल घोषित किया गया। इसके बाद बंद की गई लाइटों को दोबारा चालू कर सामान्य स्थिति बहाल की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान सीआईसी एचएस रुखैयार, सीजीएम (टी) अभिनव गोस्वामी, जीएम (ईएमएस) रजनीश तेवारी, डीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) नंद प्रकाश मौर्य, एडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के पूर्वाभ्यास का उद्देश्य केवल सुरक्षा प्रक्रियाओं का परीक्षण करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपातकाल में त्वरित निर्णय लेने और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना भी है। ऐसी तैयारियों से संभावित नुकसान को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। मॉक ड्रिल के जरिए रिफाइनरी की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत बनाने का प्रयास किया गया।
रिपोर्ट- अमित शर्मा, जिला मथुरा
--------------------------------------
Meerut News: हवाई हमले का सायरन बजते ही मेरठ में ब्लैक आउट, मलबे में दबे लोगों को बचाने दौड़ी टीमें
- पुलिस लाइन में बम और ड्रोन हमले का रिहर्सल, फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
- फायरमैन लिफ्ट से निकाले गए घायल, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
Meerut News: शाम के छह बजते ही अचानक सायरन गूंजा और पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। अंधेरे के बीच कहीं इमारतें क्षतिग्रस्त थीं तो कहीं आग की लपटें उठ रही थीं। मलबे में दबे लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। पुलिस ने मोर्चा संभाला तो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां दौड़ पड़ीं। बचाव दल ने फंसे लोगों को निकालना शुरू किया और एंबुलेंस घायलों को अस्पताल ले जाने लगीं। कुछ देर के लिए पुलिस लाइन का नजारा किसी युद्ध क्षेत्र जैसा हो गया। हालांकि, यह कोई वास्तविक हमला नहीं था। प्रशासन ने हवाई हमले और ब्लैक आउट की स्थिति में अपनी तैयारियां परखने के लिए यह मॉक ड्रिल आयोजित की थी।
रविवार शाम पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में जिलाधिकारी डा. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति की मौजूदगी में मॉक ड्रिल हुई। इसमें बम और ड्रोन हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, विद्युत विभाग और एनसीसी समेत विभिन्न विभागों की भूमिका परखी गई।
सायरन बजा तो बंद कर दी गई बिजली
अभ्यास के दौरान नियंत्रण केंद्र से हवाई हमले का लाल संकेत जारी होते ही सायरन बजाया गया। इसके साथ ही विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी। लोगों को सुरक्षित शरण स्थलों तक पहुंचाया गया। इसके बाद बम और ड्रोन हमले में इमारतें क्षतिग्रस्त होने और लोगों के घायल होने का दृश्य तैयार किया गया। नागरिक सुरक्षा वार्डन ने प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कर घायलों, आग और क्षतिग्रस्त भवनों की जानकारी नियंत्रण कक्ष को दी। इसके बाद राहत एवं बचाव दलों को मौके पर भेजा गया।
मलबे से निकाले घायल, आग पर पाया काबू
पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी के जवानों ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी की। बचाव दल ने क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को फायरमैन लिफ्ट तकनीक से बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। छोटी आग को अग्निशमन यंत्रों से बुझाया गया, जबकि बड़ी आग पर फायर ब्रिगेड की टीम ने काबू पाया। पुलिस लाइन में चिह्नित अस्पताल में घायलों के उपचार की व्यवस्था भी की गई थी।
अधिकारियों ने परखी विभागों की तैयारी
मॉक ड्रिल में एडीएम सिटी आदित्य प्रजापति, एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव और एसडीएम सदर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। नागरिक सुरक्षा विभाग के स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन बृजेश कुमार सैनी, प्रभागीय वार्डन राजकुमार खत्री, फारूख चौधरी, ओम प्रकाश, रमेश चंद्र शर्मा, मुकेश रस्तौगी, ऋषि कुमार शर्मा, डीके शर्मा और पुनीश ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। मास्टर ट्रेनर गुलाम मोईनुद्दीन, विनोद मदान, संजय गर्ग और राजाराम गिरि समेत स्वयंसेवकों ने भी अभ्यास में हिस्सा लिया।
अभ्यास पूरा होने के बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी टीमों को बधाई दी। अधिकारियों के मुताबिक, मॉक ड्रिल का मकसद हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में विभागों की तैयारी, आपसी तालमेल और राहत-बचाव कार्यों की तेजी को परखना था।
रिपोर्ट- सुशील कुमार, मेरठ
----------------------------------
Siddharthnagar News: मेडिकल कॉलेज में ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
सायरन बजते ही हुआ ब्लैकआउट, रेड अलर्ट के बाद राहत एवं बचाव कार्यों का किया गया अभ्यास
Siddharthnagar News: आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित हवाई हमले से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज परिसर में ब्लैकआउट एवं एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से आपात स्थिति से निपटने, राहत एवं बचाव कार्यों और आपसी समन्वय का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। अभ्यास के माध्यम से संबंधित विभागों की तत्परता और संसाधनों की उपलब्धता का आकलन किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत शाम छह बजे सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया गया। इसके बाद शाम 6:05 बजे रेड अलर्ट जारी करते हुए दो मिनट तक चेतावनी सायरन बजाया गया। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और ड्रोन से उत्पन्न काल्पनिक खतरे से निपटने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। शाम 6:10 बजे ग्रीन सिग्नल के जरिए ऑल क्लियर घोषित किया गया।
इसके बाद अग्निशमन दल ने आग बुझाने का अभ्यास किया, जबकि चिकित्सा विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन किया। बचाव दल ने भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया। पूरे कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
मॉक ड्रिल में एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश पुलिस, उत्तर प्रदेश फायर सर्विस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), चिकित्सा विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, होमगार्ड तथा युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर निखिल चक्रवर्ती भी मौजूद रहे।
एडीएम एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता, तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय को परखना है। इससे वास्तविक आपदा या किसी अप्रत्याशित परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव मिलता है। साथ ही आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलती है।
रिपोर्ट- इंतज़ार हैदर, सिद्धार्थनगर
----------------------------------------
Jhansi News: हवाई हमले और युद्ध जैसे हालात से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए किया गया ब्लैकआउट मॉकड्रिल
शाम 6 बजते ही 2 मिनट तक बजा सायरन, कई इलाकों की बिजली हुई थी गुल
Jhansi News: आपात स्थिति और हवाई हमले से निपटने के लिए रविवार की शाम 6 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। इस दौरान जगह जगह पर लगे सायरन के बजते ही कई इलाकों की बिजली कुछ समय के लिए बंद कर दी गई। इस दौरान युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए यह अभ्यास किया गया।
एक साथ युद्ध एवं किसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल में सिविल डिफेंस और आपात टीमें अपनी-अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ब्लैकआउट मॉकड्रिल में पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग एवं आपदा राहत की टीमों ने भाग लिया। इसके तहत खोज-बचाव, आग बुझाने, प्राथमिक उपचार और घायलों को अस्पताल पहुंचाने जैसे अभ्यास किया गया। प्रशासन की तरफ से नागरिकों से अपील की गई थी कि वे घबराएं नहीं, यह केवल एक अभ्यास है। इसमें शाम 6 बजे से निर्धारित समय तक घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइटें, इन्वर्टर आदि बंद रखें। सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि दुश्मनों की ओर से कभी भी हवाई हमला होता है तो उसका मकसद सबसे पहले उद्योगों को निशाना बनाना होता है। एक मॉक ड्रिल के माध्यम से ब्लैक आउट कर उद्योगों को बचाने के लिए यह प्रैक्टिस शाम छह बजे किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी, एसएसपी विकास कुमार और एसपी सिटी प्रीति सिंह की मौजूदगी में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस, फायरब्रिगेड और एनसीसी ने हिस्सा लिया।
जनवरी 2026 में हुआ था ब्लैकआउट मॉकड्रिल
23 जनवरी 2026 को भी ऐसा ब्लैकआउट मॉकड्रिल हुआ था। इस दौरान यह देखा गया कि इमरजेंसी में दुश्मन देश के हमले से बचने व निपटने के लिए हम कितना तैयार है। बता दें कि यह मॉकड्रिल भारतीय गृह मंत्रालय के दिशा निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियां भी शामिल रही है।
रिपोर्ट- गौरव कुशवाहा, झांसी
---------------------------------